कांकेर : घर में गांजा रखकर बेच रहा था आरोपी, पुलिस-BSF की संयुक्त कार्रवाई में 4.3 किलो गांजा जब्त

कुरेनार लोहारपारा में दबिश, 50 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार; गांजे की कीमत करीब 2.10 लाख रुपये
कांकेर। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 7 अगस्त को बांदे पुलिस और 94वीं बटालियन BSF की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 4.300 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2.10 लाख रुपये बताई गई है।
मुखबिर की सूचना पर घर में दी दबिश
पुलिस के अनुसार, 6 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम कुरेनार लोहारपारा निवासी सालिक राम आंचला अपने घर में अवैध रूप से गांजा रखकर उसकी बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर बांदे पुलिस और BSF की संयुक्त टीम ने कुरेनार लोहारपारा में दबिश दी।
गांजा और नकदी बरामद
कार्रवाई के दौरान आरोपी सालिक राम आंचला (50 वर्ष) के कब्जे से पीले रंग की प्लास्टिक बोरी में रखा 4.300 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। इसके अलावा गांजा बिक्री से प्राप्त 500 रुपये नकद भी जब्त किए गए।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस एवं सुरक्षा बलों की संयुक्त कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने का प्रयास किया जा रहा है।








