छत्तीसगढ़ : रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर में शुरू हुए प्रदेश के पहले ‘अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम’, अब 24 घंटे मिलेगा राशन

रायपुर। छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) को अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण पहल की है। खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने प्रदेश के पहले तीन ‘अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम’ का रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर में ऑनलाइन शुभारंभ किया। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ उन चुनिंदा राज्यों में शामिल हो गया है, जहां ग्रेन एटीएम के माध्यम से हितग्राहियों को खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है।
24 घंटे राशन लेने की सुविधा
अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम के जरिए राशनकार्डधारी हितग्राही अब अपनी सुविधा के अनुसार 24×7 घंटे चावल प्राप्त कर सकेंगे। मशीन की स्क्रीन पर हितग्राही को अपना आधार नंबर अथवा राशनकार्ड नंबर दर्ज करना होगा। इसके बाद बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण के माध्यम से निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न प्राप्त किया जा सकेगा।
इस सुविधा से उचित मूल्य की दुकानों में राशन लेने के लिए लगने वाली कतार और समय की बाध्यता से लोगों को राहत मिलेगी। साथ ही राशन वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता और तकनीकी निगरानी को भी बढ़ावा मिलेगा।
‘वन नेशन, वन राशनकार्ड’ के तहत दूसरे राज्यों के लोगों को भी लाभ
अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम की एक महत्वपूर्ण विशेषता यह है कि इसका लाभ केवल छत्तीसगढ़ के राशनकार्डधारियों तक सीमित नहीं रहेगा। ‘वन नेशन, वन राशनकार्ड’ योजना के तहत दूसरे राज्यों के राशनकार्डधारी भी बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण के माध्यम से यहां से खाद्यान्न प्राप्त कर सकेंगे।
इससे प्रवासी श्रमिकों और अन्य राज्यों से छत्तीसगढ़ आने वाले हितग्राहियों के लिए राशन प्राप्त करना आसान होगा। राज्य सरकार की यह पहल PDS में पारदर्शिता, तकनीकी सुविधा और हितग्राही-केंद्रित व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।








