देश विदेश

रायपुर: फर्जी WhatsApp प्रोफाइल बनाकर कंपनी से 2 करोड़ की ठगी, करीब 1 करोड़ रुपये होल्ड

Advertisement

अधिकृत अधिकारी की पहचान का किया दुरुपयोग, कोलकाता के बैंक खाते में ट्रांसफर कराई रकम; तेलीबांधा पुलिस ने दर्ज किया मामला

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में साइबर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। ठगों ने एक कंपनी के अधिकृत अधिकारी की पहचान का दुरुपयोग कर फर्जी WhatsApp प्रोफाइल बनाई और उसके जरिए कंपनी से दो करोड़ रुपये दूसरे बैंक खाते में ट्रांसफर करा लिए। हालांकि, धोखाधड़ी का पता चलते ही कंपनी ने संबंधित बैंक और राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। समय रहते हुई कार्रवाई के चलते करीब एक करोड़ रुपये अलग-अलग बैंक खातों में होल्ड करा दिए गए हैं। वहीं, शेष रकम के एक हिस्से की निकासी की आशंका जताई गई है।

मामले में तेलीबांधा पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायत वंकाल केबल्स एंड ट्रांसमिशन लिमिटेड के मुख्य वित्त अधिकारी ओमकार वरु ने दर्ज कराई है। कंपनी का कार्यालय रायपुर के तेलीबांधा क्षेत्र स्थित मैग्नेटो मॉल में है।

फर्जी WhatsApp प्रोफाइल से भेजे रकम ट्रांसफर करने के निर्देश

प्रारंभिक जांच के अनुसार, आरोपियों ने कंपनी के एक अधिकृत अधिकारी के मोबाइल नंबर और पहचान का दुरुपयोग कर WhatsApp पर फर्जी प्रोफाइल तैयार की। इसके बाद इसी प्रोफाइल के माध्यम से कंपनी को रकम ट्रांसफर करने के निर्देश दिए गए।

निर्देशों पर भरोसा करते हुए कंपनी की ओर से बताए गए बैंक खाते में दो करोड़ रुपये ट्रांसफर कर दिए गए। बाद में पता चला कि जिस खाते में सबसे पहले रकम जमा कराई गई थी, वह कोलकाता का है। पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि खाते में पैसे पहुंचने के बाद उन्हें दूसरे बैंक खातों में ट्रांसफर किया गया।

शिकायत से पहले करीब एक करोड़ रुपये निकाले जाने की आशंका

पुलिस के मुताबिक, शिकायत दर्ज होने से पहले ही करीब एक करोड़ रुपये विभिन्न बैंक खातों से निकाले जा चुके थे। ठगी का पता चलते ही कंपनी ने संबंधित बैंक को ईमेल के जरिए सूचना दी और साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के बाद की गई कार्रवाई में करीब एक करोड़ रुपये अलग-अलग बैंक खातों में होल्ड करा दिए गए। इससे ठगी की पूरी रकम के निकल जाने से पहले कुछ धनराशि को सुरक्षित रखने में मदद मिली।

फर्जी प्रोफाइल बनाने वालों की तलाश में जुटी पुलिस

तेलीबांधा पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि फर्जी WhatsApp प्रोफाइल किसने बनाई और कंपनी से रकम ट्रांसफर कराने में किन लोगों की भूमिका रही। साथ ही, जिन बैंक खातों के जरिए रकम आगे भेजी गई, उनकी भी जांच की जा रही है।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button