छत्तीसगढ़

छुईखदान में सराफा दुकान में चोरी का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार; 44.75 लाख का माल बरामद

Advertisement

राजनांदगांव। छुईखदान में सराफा दुकान का शटर तोड़कर चांदी के आभूषण चोरी करने के मामले में साइबर सेल और थाना छुईखदान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 22 किलो 600 ग्राम चांदी, 3 ग्राम सोना और वारदात में प्रयुक्त होंडा एक्टिवा समेत करीब 44 लाख 75 हजार रुपये का माल बरामद किया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

शटर तोड़कर 20 से 25 किलो चांदी की चोरी

पुलिस के अनुसार, छुईखदान के जैन मोहल्ला निवासी शांति लाल जैन ने 14 अगस्त को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि रात करीब 2 से 4 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने सराफा दुकान का शटर तोड़कर करीब 20 से 25 किलो चांदी के आभूषण चोरी कर लिए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की और साइबर सेल की मदद से तकनीकी साक्ष्य जुटाए।

सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस महेन्द्र साहू तक पहुंची। पूछताछ में पुलिस के सामने चोरी की पूरी साजिश का खुलासा हुआ।

दुकान की खराबी की जानकारी से बनाई योजना

पुलिस के मुताबिक, महेन्द्र साहू पहले दुकान पर सामान लेने गया था। इसी दौरान उसने दुकान के शटर में खराबी होने की बात सुनी। आरोप है कि इसी जानकारी के आधार पर उसने नागपुर जाकर अपने दो साथियों अक्षय गुरूवे और अनिकेत मेश्राम के साथ चोरी की योजना बनाई।

तीनों ने कथित तौर पर छुईखदान पहुंचकर दुकान के सीसीटीवी कैमरों के तार काटे और इसके बाद शटर तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

तालाब में छिपाया था चोरी का माल

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने चोरी किए गए चांदी के आभूषणों को नवागांव के एक तालाब में छिपाकर रखा था। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने वहां से चोरी का माल बरामद किया।

इसके बाद पुलिस टीम ने नागपुर पहुंचकर दोनों अन्य आरोपियों अक्षय गुरूवे और अनिकेत मेश्राम को गिरफ्तार किया।

44.75 लाख रुपये का माल बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 22 किलो 600 ग्राम चांदी, 3 ग्राम सोना और वारदात में इस्तेमाल होंडा एक्टिवा बरामद की है। बरामद माल की कुल कीमत करीब 44 लाख 75 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी पूर्व में भी चोरी और मारपीट के मामलों में शामिल रहे हैं। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button