Chhattisgarh News: “कार्टून लोकतंत्र और समाज का सशक्त दर्पण”, कार्टून फेस्टिवल-2026 में बोले CM विष्णुदेव साय

मुख्यमंत्री ने कार्टून कला को बताया हास्य, व्यंग्य और जनभावनाओं की प्रभावशाली अभिव्यक्ति; जयपुर के कार्टूनिस्ट अभिषेक तिवारी को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड मिलने पर दी बधाई
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि कार्टून केवल हास्य और मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि लोकतंत्र और समाज का सशक्त दर्पण है। यह गंभीर विषयों, सामाजिक परिस्थितियों और विसंगतियों को हास्य एवं व्यंग्य के माध्यम से सहजता से लोगों तक पहुंचाने वाली प्रभावशाली कला है। कई बार जिस बात को हजारों शब्दों में कहना कठिन होता है, उसे एक प्रभावशाली कार्टून सरलता और गहराई से व्यक्त कर देता है।
मुख्यमंत्री साय राजधानी रायपुर में कार्टून वॉच पत्रिका द्वारा आयोजित कार्टून फेस्टिवल-2026 को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कार्टून कला के सामाजिक और लोकतांत्रिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कलाकारों की रचनात्मक भूमिका की सराहना की।
कार्टून समाज को सोचने और आत्ममंथन के लिए करता है प्रेरित
मुख्यमंत्री ने कहा कि कला और साहित्य किसी भी समाज की चेतना के वाहक होते हैं। कार्टून एक विशिष्ट कला विधा है, जिसमें चित्र, विचार, हास्य और व्यंग्य का अनूठा समन्वय देखने को मिलता है। कार्टूनिस्ट अपने सूक्ष्म अवलोकन और रचनात्मक दृष्टि से सामाजिक घटनाओं को ऐसा स्वरूप देते हैं, जो लंबे समय तक लोगों की स्मृति में बना रहता है।
उन्होंने कहा कि कार्टून लोगों को हंसाने के साथ-साथ सोचने, समझने और आत्ममंथन करने के लिए भी प्रेरित करता है। लोकतांत्रिक व्यवस्था में यह जनभावनाओं, जनअपेक्षाओं और सामाजिक सरोकारों को अभिव्यक्ति देने का सशक्त माध्यम है।
आर.के. लक्ष्मण के ‘कॉमन मैन’ को किया याद
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भारतीय कार्टून कला की समृद्ध परंपरा का उल्लेख करते हुए महान कार्टूनिस्ट आर.के. लक्ष्मण के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि आर.के. लक्ष्मण का प्रसिद्ध ‘कॉमन मैन’ केवल एक कार्टून चरित्र नहीं, बल्कि देश के सामान्य नागरिक की आशाओं, अपेक्षाओं, जिज्ञासाओं और चिंताओं का प्रतीक बन गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता के बाद बदलते भारत और उसकी सामाजिक परिस्थितियों को जिस प्रभावशाली तरीके से लक्ष्मण ने अपने कार्टूनों में प्रस्तुत किया, वह भारतीय पत्रकारिता और कार्टून कला की अमूल्य विरासत है।
बस्तर सहित प्रदेश की प्रतिभाओं को मिल रहा मंच
मुख्यमंत्री ने बस्तर सहित छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों में कार्टून कला को प्रोत्साहित करने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयासों से दूरस्थ अंचलों की प्रतिभाओं को अपनी रचनात्मकता प्रदर्शित करने और इस कला विधा से जुड़ने का अवसर मिल रहा है।
उन्होंने कार्टून फेस्टिवल-2026 में जयपुर के प्रख्यात कार्टूनिस्ट अभिषेक तिवारी को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किए जाने पर बधाई और शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी कलाकार की दीर्घकालीन साधना और रचनात्मक योगदान का सम्मान पूरी कला विधा का सम्मान है। इससे नई पीढ़ी के कलाकारों को उत्कृष्टता की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।
युवा कार्टूनिस्टों से मौलिकता बनाए रखने का आह्वान
मुख्यमंत्री साय ने युवा कार्टूनिस्टों का आह्वान किया कि वे अपनी प्रतिभा, कल्पनाशीलता और तकनीकी क्षमताओं का उपयोग रचनात्मक अभिव्यक्ति के लिए करें। उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यमों के विस्तार से कलाकारों के सामने नए अवसर और मंच उपलब्ध हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने युवा कलाकारों से अपनी मौलिकता और रचनात्मक दृष्टि बनाए रखते हुए इन अवसरों का लाभ उठाने तथा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने की अपील की।






