छत्तीसगढ़

रायपुर के Apple Store में 1.89 करोड़ की चोरी का खुलासा, इंदौर रेंज से एक संदिग्ध गिरफ्तार; दो फरार

Advertisement
Advertisement Carousel

रायपुर। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र स्थित मरीन ड्राइव के सामने आई नेक्स्ट Apple Store में हुई करोड़ों रुपये की चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 31 अक्टूबर की रात दुकान से 173 महंगे मोबाइल फोन चोरी करने के मामले में एक संदिग्ध आरोपी को मध्यप्रदेश की इंदौर रेंज से गिरफ्तार किए जाने की जानकारी सामने आई है। चोरी हुए मोबाइल की कीमत करीब 1.89 करोड़ रुपये बताई जा रही है। पूछताछ में वारदात में तीन लोगों के शामिल होने की बात सामने आई है। फिलहाल दो आरोपी फरार हैं। हालांकि, पुलिस ने गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

शटर उठाकर दुकान में घुसे थे चोर, DVR भी ले गए

वारदात 31 अक्टूबर की रात हुई थी। अगले दिन सुबह स्टोर मैनेजर दुकान खोलने पहुंचा तो शटर एक तरफ से उठा हुआ मिला। अंदर जांच करने पर 173 महंगे मोबाइल फोन गायब थे। शातिर चोर दुकान में लगा सीसीटीवी DVR भी अपने साथ ले गए थे। DVR चोरी होने के कारण पुलिस के सामने आरोपियों की पहचान करना चुनौती बन गया। इसके बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें भगत सिंह चौक के पास तीन संदिग्धों की तस्वीरें सामने आईं।

बिहार के चादर गैंग के बजाय कंजर गिरोह पर गया शक

शुरुआती जांच में चोरी के तरीके को देखते हुए पुलिस को बिहार के चादर गैंग पर संदेह था। हालांकि, सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों की पड़ताल के दौरान आरोपियों के मध्यप्रदेश के कंजर गिरोह से जुड़े होने की जानकारी मिली। इसके बाद रायपुर पुलिस ने मध्यप्रदेश पुलिस से संपर्क कर संदिग्धों की पहचान और उनके संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई। स्थानीय स्तर पर कार्रवाई के दौरान पुलिस पर हमले की आशंका को देखते हुए मध्यप्रदेश पुलिस का सहयोग लिया गया।

रायपुर से महाराष्ट्र तक खंगाले गए CCTV फुटेज

आरोपियों की तलाश में पुलिस ने रायपुर से लेकर महाराष्ट्र तक के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। भगत सिंह चौक से मिले सुरागों के आधार पर आमानाका मार्ग और आगे के रास्तों की जांच की गई। पड़ताल में आरोपियों की आखिरी लोकेशन महाराष्ट्र के भंडारा और उससे लगे मौदा इलाके तक मिली। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की जानकारी देने के लिए इश्तेहार जारी कर संपर्क नंबर भी सार्वजनिक किया।

सूचना के आधार पर घेराबंदी, एक आरोपी गिरफ्तार

बताया जा रहा है कि इश्तेहार देखने के बाद एक अज्ञात व्यक्ति ने पुलिस को महत्वपूर्ण सूचना दी। जानकारी की पुष्टि होने के बाद पुलिस टीम को रवाना किया गया। घेराबंदी कर एक संदिग्ध आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि, अपने साथी की गिरफ्तारी की भनक लगते ही बाकी दो आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहे।

173 चोरी के मोबाइल की रिकवरी पर सस्पेंस

इस मामले में अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि चोरी किए गए 173 मोबाइल फोन कहां छिपाए गए हैं और उन्हें किन लोगों को बेचने की तैयारी थी। गिरफ्तार आरोपी के पास से कितने मोबाइल बरामद हुए हैं, इसकी जानकारी भी सामने नहीं आई है। वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक के भी चोरी की होने की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस फरार आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गए मोबाइल की बरामदगी के लिए जांच जारी है।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button