छत्तीसगढ़

सूरजपुर के एक बैंक खाते से 21 राज्यों में 113 करोड़ की साइबर ठगी का लेनदेन, दो आरोपी गिरफ्तार

Advertisement
Advertisement Carousel

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में साइबर ठगी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। यहां भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के एक खाते के जरिए देश के 21 राज्यों में साइबर ठगी से जुड़ी 113 करोड़ 32 लाख रुपये से अधिक की रकम का लेनदेन किया गया। इस मामले में 150 बैंक खाताधारकों की शिकायतें सामने आई हैं। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

एक बैंक खाते से हुआ करोड़ों का संदिग्ध लेनदेन

पुलिस जांच में पता चला कि सूरजपुर स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में संचालित एक खाते का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम के लेनदेन के लिए किया जा रहा था। यह खाता डीएन चक्रधारी एजुकेशन डेवलपमेंट एसोसिएशन नामक संस्था से जुड़ा बताया गया है। जांच में यह भी सामने आया कि खाते से जुड़े लोगों ने ठगी की रकम के लेनदेन के बदले लाखों रुपये कमीशन के रूप में प्राप्त किए थे।

I4C पोर्टल से मिला 21 राज्यों में फैले नेटवर्क का सुराग

मामले का खुलासा भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) के संयुक्त साइबर अपराध समन्वय टीम प्रबंधन सूचना प्रणाली (JCCTMS) पोर्टल के माध्यम से हुआ। इस पोर्टल पर विभिन्न बैंकों के संदिग्ध खातों की जानकारी मिलने के बाद सूरजपुर पुलिस ने संबंधित बैंक खाते की जांच शुरू की। जांच के दौरान देश के 21 राज्यों के 150 बैंक खाताधारकों की साइबर ठगी से जुड़ी शिकायतें सामने आईं।

113 करोड़ से अधिक के लेनदेन पर दर्ज हुआ अपराध

पुलिस के अनुसार, शिकायतों से जुड़े बैंक खाते में कुल 1,13,32,09,604 रुपये के संदिग्ध लेनदेन का विवरण मिला। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सूरजपुर में अपराध क्रमांक 107/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 317(4), 318(6), 61(2)(ए) और 3(5) के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

13 करोड़ के लेनदेन पर मिला 13 लाख रुपये कमीशन

जांच में यह भी खुलासा हुआ कि 23 से 29 अप्रैल 2025 के बीच देवनारायण चक्रधारी के एसबीआई खाते में करीब 13 करोड़ रुपये की साइबर ठगी से जुड़ी रकम का लेनदेन हुआ था। इसके बदले आरोपियों को लगभग 13 लाख रुपये कमीशन के रूप में मिले थे। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

दो आरोपी गिरफ्तार, तीसरे की तलाश जारी

मामले में सूरजपुर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, एक अन्य आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस की जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि देश के अलग-अलग राज्यों में हुई साइबर ठगी की रकम इस खाते तक कैसे पहुंची और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button