सारंगढ़ में श्रद्धालुओं से भरी पिकअप को ट्रक ने मारी टक्कर, 2 की मौत; 15 घायल, 5 रायगढ़ रेफर

सारंगढ़, 31 अगस्त 2026। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में सोमवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। चंद्रपुर से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी पिकअप को पीछे से आ रहे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि करीब 15 लोग घायल बताए जा रहे हैं। गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद रायगढ़ रेफर किया गया है। दुर्घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई।
चंद्रहासिनी माता के दर्शन के बाद लौट रहे थे श्रद्धालु
जानकारी के मुताबिक महासमुंद जिले के बागबहरा क्षेत्र से करीब 25 लोग पिकअप वाहन में सवार होकर चंद्रपुर स्थित मां चंद्रहासिनी मंदिर दर्शन के लिए पहुंचे थे। दर्शन के बाद सभी श्रद्धालु वापस अपने क्षेत्र की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान सारंगढ़ में सीपीएम कॉलेज के पास उनकी पिकअप हादसे का शिकार हो गई।
बताया जा रहा है कि पिकअप सड़क पर आगे बढ़ रही थी, तभी पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रक ने वाहन को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप में सवार लोगों के बीच चीख-पुकार मच गई।
ग्रामीणों ने पहुंचाया अस्पताल
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया।
दो श्रद्धालुओं की मौत
दुर्घटना में उमेश दीवान (14) और भुवनेश्वरी दीवान (40) की जान चली गई। हादसे में चेतन ठाकुर (15), हेमलाल दीवान (32), अंजलि दीवान (18), केशव राम पटेल (50), होलेश्वर ठाकुर (35), कामिनी दीवान (28), योगेश दीवान (32), कुसुम ठाकुर (17), वीर पटेल (13), रूपलाल पटेल (35), रूपलाल पटेल की बेटी, ओम बाई ठाकुर (34), केशव पटेल (50), फलीस ठाकुर (34) और टेक सिंह ध्रुव (25) समेत अन्य लोग घायल हुए हैं।
ट्रक चालक गिरफ्तार, वाहन जब्त
घटना के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है। हादसे में इस्तेमाल ट्रक को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।






