रायपुर में दो अलग-अलग हत्याओं से सनसनी, पांच आरोपी गिरफ्तार; दो की तलाश जारी

रायपुर। राजधानी रायपुर में अलग-अलग घटनाओं में दो युवकों की हत्या से सनसनी फैल गई है। दोनों वारदातों ने शहर की कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने दोनों मामलों में कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
प्रेमी-प्रेमिका पर चाकू से हमला, हमलावर की मौत
पहली घटना चंगोराभाठा इलाके की बताई जा रही है। यहां बदमाशों ने प्रेमी-प्रेमिका पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में कैलाश निषाद घायल हो गया। इसके बाद कैलाश ने हमलावरों से चाकू छीनकर टिकेंद्र देवांगन पर हमला कर दिया।
चाकू लगने से टिकेंद्र देवांगन गंभीर रूप से घायल हो गया, बाद में उसकी मौत हो गई। वहीं घायल कैलाश निषाद का रायपुर एम्स में उपचार जारी है।
छेड़खानी के विवाद में युवक की हत्या
दूसरी घटना डीडीनगर थाना क्षेत्र की है। यहां छेड़खानी को लेकर हुए विवाद के बाद भोला विश्वकर्मा की हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक आरोपी आशीष यादव ने करीब आधा दर्जन साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।
पांच गिरफ्तार, दो आरोपी फरार
दोनों मामलों में पुलिस ने अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस टीम घटनाओं के कारण, घटनाक्रम और आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।
लगातार वारदातों से कानून-व्यवस्था पर सवाल
राजधानी में अलग-अलग घटनाओं में दो युवकों की मौत के बाद संबंधित इलाकों में दहशत का माहौल है। लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं के बीच शहर की कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें सक्रिय हैं।






