छत्तीसगढ़

धनसुली में अवैध चूना पत्थर खनन का बड़ा खुलासा, 4 क्रेशर सील, करोड़ों की रॉयल्टी चोरी सामने

Advertisement
Advertisement
Advertisement


रायपुर के मंदिर हसौद क्षेत्र के धनसुली गांव में अवैध चूना पत्थर खनन पर बड़ी कार्रवाई सामने आई है। खनिज विभाग की लगातार चार दिन चली जांच में अवैध खनन, बिना अनुमति क्रेशर संचालन और भारी स्तर पर भंडारण का खुलासा हुआ है।

अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई, 5 खदानों पर छापेमारी
खनिज विभाग की टीम ने शनिवार को धनसुली और मुरा गांव में संचालित पांच खदानों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान खदान संचालक और कर्मचारी मौके से फरार हो गए। जांच में कई जगह नियमों का खुला उल्लंघन पाया गया।

4 क्रेशर मशीन सील, संचालकों को नोटिस जारी
कार्रवाई के दौरान विभाग ने चार क्रेशर मशीनों को सील कर दिया। साथ ही संबंधित खदान संचालकों को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, कई खदानों में अनुबंध शर्तों के खिलाफ जाकर बड़े पैमाने पर भंडारण किया जा रहा था।

प्रशासन के निर्देश पर सख्ती, पहले भी मिली थीं अनियमितताएं
जिला खनिज अधिकारी राजेश मालवे ने बताया कि कलेक्टर के निर्देश पर क्षेत्र में व्यापक जांच अभियान चलाया जा रहा है। इससे पहले भी धनसुली, नरदहा और खपरी क्षेत्रों में जांच के दौरान कई खदानों में अनियमितताएं पाई गई थीं और कार्रवाई की गई थी।

करोड़ों की रॉयल्टी चोरी का खुलासा
जांच के दौरान सामने आया कि अवैध खनन और अतिरिक्त भंडारण के जरिए शासन को करोड़ों रुपए की रॉयल्टी का नुकसान पहुंचाया गया है। यह मामला अब आर्थिक अनियमितताओं के बड़े घोटाले की ओर इशारा कर रहा है।

कड़ी कानूनी कार्रवाई की तैयारी
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि दोषी खदान और क्रेशर संचालकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर रॉयल्टी की वसूली की जाएगी। साथ ही अवैध संचालन पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button