छत्तीसगढ़

दुर्ग पुलिस का बड़ा एक्शन: अंतरराज्यीय ऑनलाइन सट्टा सिंडिकेट का भंडाफोड़, 9 आरोपी गिरफ्तार, 23 लाख की ज्वेलरी सहित भारी सामग्री जब्त

Advertisement

छावनी पुलिस की कार्रवाई में कैंप-2 से शुरू हुई जांच, नागपुर तक फैला सट्टा नेटवर्क उजागर

दुर्ग। जिले में छावनी पुलिस ने अंतरराज्यीय ऑनलाइन सट्टा सिंडिकेट का बड़ा खुलासा करते हुए कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पहले कैंप-2 निवासी ऑनलाइन सट्टा संचालक निशांत गुप्ता को हिरासत में लिया, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर महाराष्ट्र के नागपुर में चल रहे सट्टा संचालन केंद्र पर छापेमारी कर पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया गया।

पुलिस के अनुसार यह गिरोह लंबे समय से विभिन्न राज्यों में छिपकर ऑनलाइन सट्टा संचालन कर रहा था और तकनीकी माध्यमों से बड़े पैमाने पर अवैध लेन-देन कर रहा था।

नागपुर में किराए के मकान से चल रहा था सट्टा सेंटर, 8 आरोपी मौके से गिरफ्तार

पूछताछ में आरोपी निशांत गुप्ता ने स्वीकार किया कि वह “C-B Cricket Buzz Betting App” और “RubyBet” जैसे ऑनलाइन बेटिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से सट्टा संचालन करता था। वह पुलिस से बचने के लिए अपने सहयोगियों के साथ नागपुर में किराए के मकान से पूरा नेटवर्क चला रहा था।

इसके बाद पुलिस की विशेष टीम ने नागपुर में दबिश देकर मौके से 8 लोगों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में उत्तर प्रदेश के 6 और बिहार के 2 आरोपी शामिल बताए जा रहे हैं।

26 मोबाइल, 3 लैपटॉप, 85 एटीएम कार्ड सहित करोड़ों का डिजिटल नेटवर्क उजागर

छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और दस्तावेज जब्त किए हैं, जिनमें—

  • 26 मोबाइल फोन
  • 3 लैपटॉप
  • 2 आईपैड
  • 85 एटीएम कार्ड
  • 18 पासबुक
  • 45 सिम कार्ड
  • 23 लाख रुपये की गोल्ड और डायमंड ज्वेलरी
  • 1.5 लाख रुपये नकद

शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि यह पूरा नेटवर्क संगठित तरीके से ऑनलाइन सट्टे का संचालन कर रहा था।

हर महीने डेढ़ करोड़ का लेन-देन, फाइनेंशियल नेटवर्क की जांच जारी

एडिशनल एसपी सुखनंदन राठौर और डीएसपी क्राइम यदुमणि सिदार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह ऑनलाइन सट्टे के माध्यम से हर महीने लगभग डेढ़ करोड़ रुपये का लेन-देन करता था।

पुलिस अब आरोपियों के बैंक खातों, डिजिटल ट्रांजेक्शन और फाइनेंशियल नेटवर्क की विस्तृत जांच कर रही है ताकि पूरे गिरोह की आर्थिक जड़ों तक पहुंचा जा सके।

पुलिस का विशेष अभियान जारी, अन्य राज्यों में भी हो सकती है कार्रवाई

अधिकारियों ने बताया कि दुर्ग पुलिस द्वारा अवैध ऑनलाइन सट्टा कारोबार के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत यह बड़ी कार्रवाई की गई है।

 

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button