Uncategorised

Durg Road Accident : दुर्ग-रायपुर हाईवे पर दर्दनाक हादसा, स्कूटी-ट्रैक्टर टक्कर में एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत

Advertisement

कुम्हारी थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार स्कूटी ट्रैक्टर से टकराई, 8 वर्षीय बच्चा गंभीर घायल

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग-रायपुर नेशनल हाईवे-53 पर कुम्हारी थाना क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार स्कूटी सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर के पीछे जा टकराई। हादसे में 8 वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसका इलाज रायपुर एम्स में जारी है।

पूजा कार्यक्रम में शामिल होने जा रहा था परिवार

Durg Road Accident की जानकारी के अनुसार, भिलाई-3 निवासी एक परिवार स्कूटी क्रमांक CG 07 DE 5847 से रायपुर के बसंत विहार स्थित अपने मामा के घर पूजा कार्यक्रम में शामिल होने जा रहा था।

छावनी सीएसपी प्रशांत सिंह पैकरा के अनुसार, स्कूटी अमृत निर्मलकर (28) चला रही थीं। सुबह करीब 10 से 10:30 बजे के बीच दशमेश ढाबा के पास तेज रफ्तार स्कूटी हाईवे किनारे खड़े ऑक्सीजन सिलेंडरों से लदे ट्रैक्टर क्रमांक CG 07 NA 0930 के पिछले हिस्से से जा टकराई।

मौके पर चार लोगों की मौत

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी सवार अमृत निर्मलकर (28), लक्ष्मी निर्मलकर (26), 7 वर्षीय यासना और 4 वर्षीय डाली की मौके पर ही मौत हो गई।

वहीं 8 वर्षीय भावेश गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर रायपुर एम्स रेफर किया गया। बच्चे का उपचार जारी है।

पुलिस ने ट्रैक्टर किया जब्त

हादसे की सूचना मिलते ही कुम्हारी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर चालक भोला यादव को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।

पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

हाईवे पर खड़े वाहन को लेकर उठे सवाल

प्रत्यक्षदर्शियों ने हाईवे किनारे ट्रैक्टर खड़े होने को लेकर सवाल उठाए हैं। कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि हादसे के समय हाईवे से वीआईपी काफिला गुजर रहा था और पुलिस वीआईपी ड्यूटी में व्यस्त थी।

हालांकि इस संबंध में पुलिस की ओर से अभी कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर वास्तविक कारणों का पता लगा रही है।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button