रायगढ़ में मौसम ने बदला मिजाज, बारिश के आसार बढ़े; कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट

बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र सक्रिय, अगले 24 घंटे में भारी बारिश की संभावना
रायगढ़। जिले में पिछले करीब एक सप्ताह से मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। कभी बूंदाबांदी तो कभी आसमान में बादल छाए रहने के कारण अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। रविवार को रायगढ़ में अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से रायगढ़ सहित आसपास के जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
ठंडी हवाओं और बादलों से गर्मी-उमस से राहत
पिछले एक सप्ताह से जिले में ठंडी हवाओं के साथ बादलों का दौर बना हुआ है। तापमान में गिरावट के चलते लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है। हालांकि, अच्छी बारिश का इंतजार अब भी बना हुआ है। मौसम में बने सिस्टम के सक्रिय होने के बाद आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।
बंगाल की खाड़ी में सक्रिय है निम्न दबाव
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे तटीय पश्चिम बंगाल तथा उत्तरी तटीय ओडिशा के ऊपर एक चिन्हित निम्न दबाव का क्षेत्र सक्रिय है। इसके साथ समुद्र तल से करीब 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है।
मौसम विभाग के मुताबिक यह निम्न दबाव क्षेत्र अगले 24 घंटे में उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए और अधिक प्रबल होकर अवदाब में बदल सकता है। इसके प्रभाव से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है।
मानसून द्रोणिका और विंड शियर जोन का भी असर
मौसम विभाग के अनुसार माध्य समुद्र तल पर मानसून द्रोणिका अपनी सामान्य स्थिति में बनी हुई है और निम्न दबाव के केंद्र से होकर उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक विस्तृत है। इसके अलावा 22 डिग्री उत्तरी अक्षांश पर 5.8 से 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई के बीच सक्रिय विंड शियर जोन भी मौजूद है।
इन मौसमी प्रणालियों के संयुक्त प्रभाव से आगामी दिनों में प्रदेश में वर्षा की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। सोमवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश या गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने का अनुमान है। कुछ स्थानों पर वज्रपात और भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की गई है।
रायगढ़ समेत कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने रविवार को पहले यलो अलर्ट जारी किया था। दिनभर आसमान में बादल छाए रहे, हालांकि कई इलाकों में बारिश नहीं हुई। शाम के बाद रायगढ़ समेत कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया।
अलर्ट वाले जिलों में रायगढ़, जांजगीर-चांपा, कोरबा, बिलासपुर, मुंगेली और कबीरधाम सहित अन्य जिले शामिल हैं। मौसम की मौजूदा स्थिति को देखते हुए अगले 24 घंटे में अच्छी बारिश होने की संभावना जताई जा रही है।
बारिश के साथ मौसमी बीमारियों का खतरा बढ़ा
बारिश और मौसम में बदलाव के बीच जिले में मौसमी बीमारियों का दौर भी जारी है। दूषित पानी और खान-पान में लापरवाही के कारण लोगों में तेज बुखार, उल्टी और दस्त जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं।
जिला अस्पताल में रोजाना डायरिया से पीड़ित कई मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। तेज बुखार से पीड़ित मरीजों की संख्या भी बढ़ी है और कुछ मरीजों को भर्ती कर उपचार की आवश्यकता पड़ रही है।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से स्वच्छ पानी पीने, ताजा भोजन का सेवन करने और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने की अपील की है, ताकि बारिश के मौसम में होने वाली बीमारियों से बचाव किया जा सके।






