Uncategorised

रायगढ़: पूंजीपथरा पुलिस ने स्क्रैप पाइप चोरी का 24 घंटे में किया खुलासा, 5 आरोपी गिरफ्तार

Advertisement

रायगढ़। जिले के पूंजीपथरा थाना पुलिस ने एनआरवीएस स्टील लिमिटेड प्लांट से स्क्रैप पाइप चोरी के मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में चोरी गया माल और वाहन सहित करीब 9 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की है।

जानकारी के अनुसार, 06 जून 2026 की रात कंपनी प्रबंधन द्वारा थाना पूंजीपथरा में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि स्क्रैप यार्ड से लगभग 300 किलो एस.एस. स्क्रैप पाइप, जिसकी कीमत करीब 1 लाख 08 हजार रुपये है, चोरी हो गया है। रिपोर्ट के आधार पर अपराध क्रमांक 135/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर तंत्र की मदद से जांच आगे बढ़ाई। इस दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने संगठित तरीके से चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।

जांच में सामने आया कि आरोपियों ने सुनियोजित योजना के तहत फ्लाई ऐश (डस्ट) के भीतर स्क्रैप पाइप छिपाकर प्लांट से बाहर निकाला था। इस अपराध में प्लांट के जेसीबी ऑपरेटर, लोडर चालक और ट्रेलर चालक की संलिप्तता भी पाई गई है। बाद में चोरी का माल गेरवानी एवं तराईमाल क्षेत्र के जंगल में छिपाया गया था।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर तराईमाल जंगल से 300 किलो स्क्रैप पाइप एवं ईको वाहन (CG 13 BH 7556) बरामद किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 9,08,000 रुपये आंकी गई है।

मामले में संगठित अपराध की धारा 112(2) बीएनएस भी जोड़ी गई है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस ने कहा है कि औद्योगिक क्षेत्रों में इस तरह की घटनाओं पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button