छत्तीसगढ़

सुशासन तिहार में CM साय का विकास संकल्प : दुर्ग को 739 करोड़ की सौगात, बेमेतरा के सामूहिक विवाह में नवदंपतियों को दिया आशीर्वाद

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
सुशासन तिहार 2026 के तहत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दुर्ग और बेमेतरा में विकास कार्यों, जनकल्याण योजनाओं और सुशासन के संकल्प को नई गति दी।

रायपुर। सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का दुर्ग और बेमेतरा दौरा विकास, जनसेवा और सुशासन के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता का महत्वपूर्ण उदाहरण बनकर सामने आया। दुर्ग में जहां मुख्यमंत्री ने 739 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया, वहीं बेमेतरा में संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक लेकर प्रशासनिक जवाबदेही और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर दिया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में शामिल होकर नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान किया और जिले में नर्सिंग कॉलेज की स्थापना की घोषणा भी की।

दुर्ग को मिली 739 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात
दुर्ग जिले के स्वर्गीय झाड़ूराम देवांगन शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मैदान में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जिले को 739 करोड़ 38 लाख रुपये की लागत वाले 251 विकास कार्यों की सौगात दी। इनमें 362 करोड़ 46 लाख रुपये के 98 कार्यों का लोकार्पण तथा 376 करोड़ 92 लाख रुपये के 153 नए विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं शिलान्यास शामिल रहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये परियोजनाएं जिले के विकास को नई दिशा देंगी और नागरिकों के जीवन को अधिक सुगम, सुरक्षित एवं सुविधाजनक बनाएंगी।

दुर्ग को विकास कार्यों की सौगात

संयुक्त जिला कार्यालय भवन की घोषणा
मुख्यमंत्री ने दुर्ग में सर्वसुविधायुक्त संयुक्त जिला कार्यालय भवन निर्माण की घोषणा करते हुए कहा कि आधुनिक प्रशासनिक अधोसंरचना से नागरिक सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ेगी तथा पारदर्शिता और दक्षता को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि एक मई से शुरू हुआ सुशासन तिहार 10 जून तक प्रदेश के सभी 33 जिलों में संचालित हो रहा है। समाधान शिविरों के माध्यम से लोगों की समस्याओं का मौके पर निराकरण किया जा रहा है तथा विभिन्न योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक सीधे पहुंचाया जा रहा है। शासन अब केवल कार्यालयों तक सीमित नहीं है, बल्कि जनता के बीच पहुंचकर सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य कर रहा है।

हितग्राहियों को मिला योजनाओं का सीधा लाभ

दुर्ग के समाधान शिविर में युवाओं को ड्राइविंग लाइसेंस, मत्स्यपालकों को जाल, आयुष्मान कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, महिला स्व-सहायता समूहों को प्रोत्साहन, छात्रवृत्ति, आवास स्वीकृति सहित अनेक योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना, लखपति दीदी, स्वामित्व योजना, महिला कोष ऋण योजना और आदिवासी छात्र प्रोत्साहन जैसी योजनाओं के हितग्राहियों को लाभान्वित भी किया।

समाधान शिविर दुर्ग

दिव्यांग तोपसिंग साहू को मिली आत्मनिर्भरता की नई राह
सुशासन तिहार के दौरान दुर्ग निवासी 80 प्रतिशत दिव्यांग श्री तोपसिंग साहू को बैटरी चलित ट्रायसायकल प्रदान की गई। वर्षों से पान ठेला चलाने वाले श्री साहू को रोजमर्रा की आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव के हाथों ट्रायसायकल मिलने के बाद उनका जीवन आसान हो गया। अब वे बिना किसी सहारे के अपनी दुकान तक पहुंच पा रहे हैं और पहले की तुलना में अधिक आत्मनिर्भर बन चुके हैं।

दिव्यांग तोपसिंग साहू

बेमेतरा में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दिया सुशासन का मंत्र
बेमेतरा में आयोजित संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि शासन की सफलता का वास्तविक पैमाना जनता के प्रति संवेदनशीलता और जवाबदेही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आम नागरिकों को शासकीय कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और हर शिकायत का समयबद्ध एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जाए। बैठक में बेमेतरा, दुर्ग, राजनांदगांव, कबीरधाम और खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिलों के प्रशासनिक कार्यों, कानून-व्यवस्था और विकास योजनाओं की समीक्षा की गई।

बेमेतरा में आयोजित समीक्षा बैठक

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन को बनाया जाएगा और प्रभावी
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन को एक मजबूत और भरोसेमंद मंच के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहां नागरिक अपनी शिकायतें दर्ज करा सकेंगे और उनके निराकरण की निगरानी उच्च स्तर पर की जाएगी। उन्होंने राजस्व प्रकरणों के त्वरित निपटारे, पेयजल व्यवस्था, स्वास्थ्य तैयारियों और जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री

किसानों, महिलाओं और युवाओं पर विशेष फोकस
खरीफ सीजन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने खाद-बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों को वैकल्पिक उर्वरकों के उपयोग के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया। महिला सशक्तिकरण की दिशा में अधिक संख्या में ‘ड्रोन दीदी’ तैयार करने, प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना का विस्तार करने तथा आयुष्मान भारत योजना के बेहतर क्रियान्वयन पर विशेष बल दिया गया।

मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में शामिल हुए मुख्यमंत्री
बेमेतरा में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 21 नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है। राज्य सरकार ने योजना के अंतर्गत मिलने वाली सहायता राशि को बढ़ाकर 50 हजार रुपये कर दिया है, जिससे जरूरतमंद परिवारों को बड़ी राहत मिली है। मुख्यमंत्री ने बेमेतरा विधायक दीपेश साहू की सराहना करते हुए कहा कि सामूहिक विवाह समारोह में स्वयं विवाह कर उन्होंने समाज के सामने सादगीपूर्ण विवाह और सामाजिक समरसता का प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है।

मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में शामिल CM

विकास और सुशासन के नए अध्याय की ओर बढ़ता छत्तीसगढ़
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के अनुरूप गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्गों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं, पारदर्शी प्रशासन और संवेदनशील शासन के माध्यम से छत्तीसगढ़ को देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में स्थापित करने का लक्ष्य लेकर सरकार लगातार कार्य कर रही है।

Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button