त्यौहारी सीजन में रेल यात्रियों को झटका, 26 ट्रेनें रद्द – 2 का रूट बदला, 3 ट्रेनें आंशिक रूप से संचालित होंगी

रायपुर। त्यौहारी सीजन में रेल यात्रियों के लिए बड़ी असुविधा की खबर सामने आई है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने 23 अगस्त से 27 अगस्त तक कुल 26 ट्रेनों को रद्द करने का निर्णय लिया है। इसके अतिरिक्त 2 ट्रेनों का रूट परिवर्तित किया जाएगा, वहीं 3 ट्रेनें केवल आंशिक दूरी तक ही चलेंगी।
इस फैसले का सीधा असर रायगढ़ और बिलासपुर सेक्शन के यात्रियों पर पड़ेगा। साथ ही झारखंड सहित अन्य राज्यों से यात्रा करने वाले यात्रियों की यात्रा योजनाएँ भी प्रभावित हो सकती हैं।
रेलवे अधिकारियों ने जानकारी दी कि वर्तमान में बिलासपुर–झारसुगुड़ा के बीच तीसरी और चौथी रेल लाइन परियोजना का कार्य तेज गति से चल रहा है। लगभग 206 किमी लंबी चौथी लाइन में से 150 किमी से अधिक हिस्से का कार्य पूरा हो चुका है। इस अवधि में रायगढ़ के किरोड़ीमल नगर स्टेशन को चौथी लाइन से जोड़ा जाएगा और रायगढ़–झारसुगुड़ा सेक्शन में विद्युतीकरण कार्य भी किया जाएगा।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले अपनी ट्रेनों की स्थिति अवश्य जांच लें और त्यौहारी सीजन में अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें, जिससे असुविधा से बचा जा सके।












