देश विदेश

हिमाचल में भारी बारिश-बर्फबारी से हालात बिगड़े, IMD ने किया ऑरेंज अलर्ट जारी, अटल टनल भी बंद

Advertisement

Himachal Pradesh News In Hindi: हिमाचल के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ तो मैदानी इलाकों में बारिश जारी है. मौसम विभाग ने शिमला और सिरमौर में भारी बारिश और बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है.

हिमाचल में मौसम का मिजाज पूरी तरह बिगड़ा हुआ है. ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ तो मैदानी इलाकों में बारिश का क्रम जारी है. मनाली और आसपास के इलाकों में बीते तीन दिनों से बारिश और बर्फबारी हो रही है. सोलंग नाला, अटल टनल सहित आसपास के इलाकों में भी बर्फबारी का दौर जारी है. अटल टनल में अब तक करीब तीन फीट तक बर्फबारी हो चुकी है.

भारी बर्फबारी के चलते सभी प्रकार के वाहनों के लिए अटल टनल बंद कर दी गई है. बर्फबारी को देखते हुए प्रशासन ने सभी वाहनों को नेहरूकुंड तक ही जाने की अनुमति दी. वहीं लाहौल स्पीति में भी बर्फ पड़ रही है. जिससे जिले की कई सड़कें बंद पड़ी है.

मंडी, शिमला और सिरमौर में ऑरेंज अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने शुक्रवार (20 मार्च) को मंडी, शिमला और सिरमौर में भारी बारिश और बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. जबकि लाहौल स्पीति में भारी बर्फबारी का अलर्ट है. 23 मार्च को कुल्लू, सोलन और बिलासपुर में भी येलो अलर्ट रहेगा. शनिवार और रविवार को मैदानी और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान जारी हुआ है. गुरुवार को कुल्लू, लाहौल स्पीति, कांगड़ा, चंबा और शिमला जिला समेत अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात हुई थी.

मनाली में 53, तीसा में 33 और सराहन में 32.5 मिमी वर्षा रिकॉर्ड हुई. वहीं केलांग, गोंदला और कुकुमसेरी में 10 से 13 सेंटीमीटर तक हिमपात हुआ. मौसम के असर से सड़कों की आवाजाही प्रभावित भी रही. मनाली से केलांग के बीच केवल फोर बाई फोर वाहनों की आवाजाही हो रही है, जबकि जलोड़ी दर्रा आंशिक रूप से प्रभावित है.

प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में तापमान सामान्य से कम

बारिश-बर्फबारी से तापमान में गिरावट है और प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 12 डिग्री सेल्सियस तक कमी दर्ज किया गया. शिमला में 12.6, धर्मशाला में 17, भुंतर में 15.4 और ऊना में 17.6 अधिकतम तापमान दर्ज हुआ. सबसे अधिक तापमान नाहन में 21.8 रिकॉर्ड किया गया. शुक्रवार को भी बारिश और बर्फबारी जारी रहने की संभावना है, जबकि कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश, ओलावृष्टि और 40 से 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button