
दो ट्रकों से 48 टन से अधिक स्क्रैप बरामद, लावारिस वाहन भी पकड़ा गया; करोड़ों के अवैध नेटवर्क पर पुलिस का शिकंजा
रायगढ़, 19 मार्च। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत अवैध कबाड़ के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। पिछले 24 घंटे में पूंजीपथरा पुलिस ने तीसरी बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध स्क्रैप के परिवहन और भंडारण पर प्रभावी रोक लगाई है।

पहली कार्रवाई: ओडिशा पासिंग ट्रक से 22.75 टन स्क्रैप जब्त
17 मार्च को पूंजीपथरा पुलिस ने वाहन क्रमांक OR07 W 8355 से 22.75 टन अवैध स्क्रैप जब्त किया। इस मामले में आरोपी राजेश यादव (20 वर्ष) निवासी नसरतपुर, थाना धनर्वा, जिला पटना (बिहार) के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई।
दूसरी कार्रवाई: अग्रोहा प्लांट के पास ट्रक से 25.660 टन कबाड़ बरामद
18 मार्च को मुखबिर की सूचना पर अग्रोहा प्लांट के पास ट्रक क्रमांक OD15G-2795 पर छापेमारी की गई। मौके पर चालक उपन्यास कुमार (20 वर्ष) निवासी भोजपुर (बिहार) मौजूद मिला, जो स्क्रैप के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने ट्रक में लोड 25.660 टन स्क्रैप (कीमत लगभग ₹8.46 लाख) जब्त किया। साथ ही ट्रक (कीमत लगभग ₹10 लाख) सहित कुल लगभग ₹18.46 लाख की संपत्ति जब्त कर आरोपी के खिलाफ BNSS एवं BNS की धाराओं में कार्रवाई की गई।
तीसरी कार्रवाई: तमनार चौक पर लावारिस ट्रक से कबाड़ जब्त
रात्रि गश्त के दौरान तमनार चौक के पास एक 12 चक्का ट्रक (क्रमांक OR14R9011) लावारिस हालत में मिला, जिसमें लोहे और टीन का कबाड़ लोड था। चालक का कोई पता नहीं चलने पर पुलिस ने वाहन को जप्त कर लिया और वाहन स्वामी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस की सख्ती: बिना दस्तावेज परिवहन पर लगातार शिकंजा
इन तीनों कार्रवाइयों के जरिए पुलिस ने स्पष्ट संकेत दिया है कि बिना दस्तावेज स्क्रैप परिवहन और अवैध कबाड़ कारोबार पर अब लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इस अभियान में थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव, प्रधान आरक्षक विनीत तिर्की, सतीश सिंह, आरक्षक ओम प्रकाश तिवारी, विनोद शर्मा एवं सुरेन्द्र यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि
“जिले में सक्रिय अवैध कबाड़ नेटवर्क की पहचान कर उनके खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। ऐसे मामलों में शामिल आरोपियों पर कड़ी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”






