राजधानी में चोरों के हौसले बुलंद, मेडिकल स्टोर संचालक के घर में लाखों की चोरी

रायपुर । राजधानी में इन दिनों चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि अब वे दिन-रात किसी भी वक्त वारदात को अंजाम देने से नहीं चूक रहे। ताजा मामला मुजगहन थाना क्षेत्र के डुंडा स्थित एकता विहार कॉलोनी का है, जहां मेडिकल स्टोर संचालक कमल साहू के सूने मकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने लाखों रुपये के जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर दिया।
जानकारी के अनुसार, कमल साहू अपने परिवार के साथ रिश्तेदारी में कांकेर गए हुए थे। इस बीच चोरों ने मौका पाकर घर का ताला तोड़ दिया और अलमारी में रखे कीमती जेवरात व नगदी लेकर फरार हो गए।
स्थानीय रहवासियों का कहना है कि कॉलोनी में बीते कुछ दिनों से लगातार संदिग्ध लोगों की आवाजाही बढ़ गई है। लोगों ने पुलिस गश्त पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि रात के समय गश्त नाम मात्र की होती है।
रहवासियों ने यह भी बताया कि चोर अब मिर्ची पाउडर साथ लेकर आते हैं, ताकि वारदात के दौरान यदि कोई जाग जाए तो आंखों में मिर्ची डालकर हमला कर सकें। इस वजह से कई परिवार अब खुद रात में गश्त करने को मजबूर हैं।












