प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना से ग्रामीण उपभोक्ताओं को बड़ी राहत

गुढगहन निवासी दुलेराम पटेल बने मिसाल, सोलर पैनल से बिजली बिल हुआ शून्य
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का असर अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी साफ नज़र आने लगा है। रायगढ़ जिले के ग्राम गुढगहन निवासी दुलेराम पटेल ने इस योजना का लाभ उठाते हुए अपने घर की छत पर 3 किलोवाट क्षमता का रूफटॉप सोलर पैनल स्थापित कराया है। इस पहल से उन्हें लगातार बिजली बिल में बड़ी राहत मिल रही है और अब वे पूरी तरह आत्मनिर्भर बनते जा रहे हैं।
हर महीने हो रही बचत
मई माह में दुलेराम पटेल के सोलर पैनल ने 165 यूनिट बिजली का उत्पादन किया, जिससे उन्हें 678 रुपए की सब्सिडी प्राप्त हुई। इसके बाद जून माह में पैनल ने 171 यूनिट बिजली उत्पन्न की और उन्हें 814 रुपए की छूट मिली। इस दौरान उनका बिजली बिल पूरी तरह शून्य हो गया।
पर्यावरण संरक्षण और आत्मनिर्भरता की ओर कदम
दुलेराम पटेल ने बताया कि सोलर पैनल से सिर्फ बिजली बिल से राहत नहीं मिलती, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान देता है। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा का उपयोग कर वे न केवल ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर हो रहे हैं, बल्कि दूसरों के लिए प्रेरणादायक उदाहरण भी प्रस्तुत कर रहे हैं।
योजना का उद्देश्य
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का उद्देश्य हर परिवार को स्वच्छ और अक्षय ऊर्जा अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना है। इस योजना के तहत ग्रामीण उपभोक्ता भी अब तेजी से जुड़ रहे हैं और सौर ऊर्जा का उपयोग कर आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में भागीदारी निभा रहे हैं।
गुढगहन के दुलेराम पटेल जैसे ग्रामीण उपभोक्ताओं की यह पहल न केवल व्यक्तिगत स्तर पर लाभदायक साबित हो रही है, बल्कि समाज के अन्य लोगों को भी सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रेरित कर रही है।












