रायगढ़ में इंजीनियर युवती ने की आत्महत्या

जिंदल गर्ल्स हॉस्टल में कमरे के पंखे से लटका मिला शव, पुलिस जांच में जुटी
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां जिंदल गर्ल्स हॉस्टल में रह रही एक इंजीनियर युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवती का शव कमरे के पंखे से लटका हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। यह मामला कोतरा रोड थाना क्षेत्र का है।
सहेली के बुलाने पर खुला राज
मिली जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान मोनालिसा नायक (30 वर्ष) के रूप में हुई है, जो ओडिशा के केउंझर जिले की रहने वाली थी। वह पिछले कुछ समय से जिंदल स्टील एंड पावर लिमिटेड में इंजीनियर के पद पर कार्यरत थी और कंपनी के गर्ल्स हॉस्टल में रह रही थी।
सोमवार दोपहर को मोनालिसा ने अपनी सहेली के साथ भोजन किया और इसके बाद अपने कमरे में चली गई। शाम करीब 5 बजे उसकी सहेली जब कमरे पर पहुंची और दरवाजा खटखटाया, तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। काफी देर तक दरवाजा न खुलने पर हॉस्टल स्टाफ को बुलाया गया और मास्टर चाबी से दरवाजा खोला गया। अंदर का नजारा देखकर सभी हैरान रह गए, मोनालिसा का शव कमरे के पंखे से लटक रहा था।
पुलिस जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही कोतरा रोड थाना प्रभारी मोहन भारद्वाज पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि मृतका जिंदल प्लांट में इंजीनियर थी। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या का मामला सामने आया है, हालांकि आत्महत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है।












