समय सीमा बैठक : लापरवाही पर 5 कर्मचारी और 2 कॉलोनाइजर को नोटिस

रायगढ़। नगर निगम कमिश्नर बृजेश सिंह क्षत्रिय ने समय सीमा बैठक में आवेदनों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्य में लापरवाही बरतने वालों पर सख्त रुख अपनाया। बैठक के दौरान समय पर निराकरण नहीं करने और उदासीनता बरतने पर स्थापना प्रभारी समेत 5 कर्मचारियों और 2 कॉलोनाइजर को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में सबसे पहले मुख्यमंत्री और कलेक्टर जनदर्शन से जुड़े आवेदनों की स्थिति पर चर्चा हुई। कमिश्नर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी आवेदनों का समयसीमा के भीतर निराकरण किया जाए और संबंधित आवेदकों को सूचना देने के साथ-साथ ऑनलाइन पोर्टल पर अपडेट भी सुनिश्चित किया जाए।
लोक शिकायतों पर सख्ती
लोक शिकायत पोर्टल पर प्राप्त चार आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को शीघ्र निराकरण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया। इसके अलावा नगर निगम कार्यालय में प्राप्त कुल 89 आवेदनों की समीक्षा की गई। फ्रेड्स कॉलोनी में नाला निर्माण को लेकर और गोवर्धनपुर के ऐश्वर्यम अपार्टमेंट में मूलभूत सुविधाओं की कमी से संबंधित आवेदनों पर कार्रवाई करते हुए दोनों कॉलोनाइजर को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
निराकरण में देरी पर जताई नाराजगी
एक कर्मचारी का मामला समय पर हल न होने पर कमिश्नर ने नाराजगी जाहिर करते हुए स्थापना प्रभारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को स्पष्ट रूप से चेताया कि पूर्व में भी कई मामले महीनों तक लंबित रहे हैं, जो विभागीय उदासीनता को दर्शाते हैं। भविष्य में ऐसी लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वेट मशीन की खरीद पर भी संज्ञान
राशन कार्ड, एसएलआरएम सेंटर और अन्य मामलों से जुड़ी शिकायतों पर धीमी प्रक्रिया को लेकर संबंधित विभागों के 5 कर्मचारियों को नोटिस देने के निर्देश दिए गए। एसएलआरएम सेंटर में वेट मशीन की खरीदी में देरी को गंभीर मानते हुए कमिश्नर ने तत्काल खरीद कर 1 घंटे के भीतर मशीन केंद्र पर पहुंचाने को कहा। स्वच्छ भारत मिशन प्रेरक द्वारा निर्देशानुसार तुरंत वेट मशीन खरीदी गई और एसएलआरएम केंद्र में जमा कर उसकी जानकारी फोटो सहित प्रस्तुत की गई।
बैठक में रहे ये अधिकारी मौजूद
बैठक में डिप्टी कमिश्नर सुतीक्षण यादव, कार्यपालन अभियंता अमरेश लोहिया सहित सभी विभाग प्रमुख अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कमिश्नर ने अंत में सभी से आग्रह किया कि प्रत्येक आवेदन का गंभीरता से निराकरण हो और नागरिकों को समय पर समाधान मिले।












