रायगढ़ : घटिया सड़क निर्माण पर ठेकेदार कृष्ण बिल्डकॉन ब्लैकलिस्टेड, 23 लाख की अमानत राशि राजसात

रायगढ़। शहर में घटिया सड़क निर्माण करने वाली कंपनी कृष्ण बिल्डकॉन प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ नगर निगम ने सख्त कार्रवाई करते हुए उसे एक साल के लिए ब्लैकलिस्ट कर दिया है। साथ ही कंपनी की निविदा के एवज में जमा 23 लाख रुपये की अमानत राशि भी राजसात कर ली गई है।
मामला वार्ड क्रमांक 47 का है, जहां बाइर दादर चौक से विजयपुर चौक और कृष्ण वैली से इंदिरा विहार कॉलोनी तक डामरीकृत सड़क निर्माण का कार्य उक्त कंपनी द्वारा किया गया था। लेकिन सड़क कुछ ही समय में जर्जर हो गई और जगह-जगह गड्ढे उभर आए।
नगर निगम ने सड़क की स्थिति को देखते हुए कृष्ण बिल्डकॉन को मरम्मत के लिए नोटिस जारी किया था, लेकिन फर्म ने कोई सुधारात्मक कार्रवाई नहीं की। तय समय सीमा में मरम्मत कार्य न होने के कारण निगम ने ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने और आर्थिक दंड लगाने का निर्णय लिया।
नगर निगम कमिश्नर ब्रिजेश सिंह क्षत्रिय ने स्पष्ट किया कि शहर में हो रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लापरवाही या घटिया निर्माण कार्य करने वाली एजेंसियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी, ताकि जनता को टिकाऊ और गुणवत्ता युक्त सुविधाएं मिल सकें।












