रायगढ़ : अंजनी स्टील प्लांट में करंट लगने से मजदूर की मौत, पुलिस जांच में जुटी

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में स्थित अंजनी स्टील प्लांट में काम के दौरान करंट की चपेट में आने से एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम करीब 5 बजे हुआ। मृतक की पहचान मोहम्मद हैदर अंसारी (40 वर्ष), निवासी ग्राम नयानगर, जिला साहेबगंज (झारखंड) के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, मोहम्मद हैदर अंसारी 17 जुलाई को रोजगार के सिलसिले में रायगढ़ पहुंचा था और 18 जुलाई से अंजनी स्टील प्लांट में काम शुरू किया था। काम के दौरान कोल क्रेशर साइड में वह करंट प्रवाहित तार के संपर्क में आ गया, जिससे उसे गंभीर रूप से झटका लगा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पूंजीपथरा पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग पंचनामा की कार्रवाई करते हुए जांच शुरू कर दी है। शनिवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए उसके पैतृक गांव रवाना कर दिया गया है।
इस दुखद घटना ने मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है और हादसे के कारणों की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।












