जशपुर और अंबिकापुर में सुबह-सुबह भूकंप के झटके, कोई नुकसान नहीं

छत्तीसगढ़ के जशपुर और अंबिकापुर जिलों में गुरुवार सुबह 7:30 बजे भूकंप के हल्के झटकों से लोग दहशत में आ गए। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 4.1 मापी गई। वैज्ञानिकों के अनुसार, इसका केंद्र जशपुर जिले का बगीचा क्षेत्र रहा।
करीब 4 से 5 सेकंड तक धरती कांपती रही, जिससे कई घरों की खिड़कियां और दरवाजे हिलने लगे। झटके महसूस होते ही लोग तुरंत घरों से बाहर निकल आए और सुरक्षित स्थान की ओर भागे। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस भूकंप से अब तक किसी तरह के जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।
क्या होता है भूकंप?
धरती की ऊपरी सतह कई टेक्टोनिक प्लेटों से मिलकर बनी होती है। ये प्लेटें निरंतर हिलती-डुलती रहती हैं। जब ये प्लेटें आपस में टकराती हैं या दबाव के कारण टूटती हैं, तो उनसे उत्पन्न ऊर्जा धरती की सतह तक पहुंचकर कंपन उत्पन्न करती है – यही भूकंप होता है।
भूकंप के समय क्या करें?
यदि आप घर के अंदर हैं, तो फर्श पर बैठ जाएं और किसी मजबूत टेबल या बेड के नीचे छिपें।
सिर और गर्दन को तकिए या हाथों से ढकें।
खिड़की, दीवार या भारी फर्नीचर से दूर रहें।
अगर आप बाहर हैं, तो पेड़, पोल या इमारतों से दूर किसी खुले स्थान पर चले जाएं।
वाहन चला रहे हों तो उसे तुरंत रोककर सुरक्षित स्थान पर रुकें।






