आंध्र प्रदेश की ग्रेनाइट खदान में बड़ा हादसा: छह मजदूरों की मौत, तीन घायल

बापटला (आंध्र प्रदेश)। रविवार सुबह आंध्र प्रदेश के बापटला जिले में एक ग्रेनाइट खदान में दर्दनाक हादसा हो गया। भारी चट्टान खिसकने से छह प्रवासी मजदूरों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा सुबह करीब साढ़े 10 बजे हुआ, जब खदान में 10 से 15 मजदूर खनन कार्य में लगे हुए थे।
पुलिस के अनुसार, सभी मृतक ओडिशा के निवासी थे। प्रारंभिक जांच में अनुमान लगाया गया है कि पानी के रिसाव के कारण चट्टान ढह गई, जिससे यह दुर्घटना हुई। पुलिस अधिकारी ने स्पष्ट किया कि घटनास्थल पर कोई विस्फोट या भूकंपीय हलचल नहीं दर्ज की गई है। फॉरेंसिक टीम मौके पर जांच में जुटी है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और खनन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और तुरंत बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को निकटवर्ती अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने हादसे पर गहरा शोक जताया और अधिकारियों को घायलों के इलाज और हादसे की विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं। वाईएसआरसीपी प्रमुख वाई.एस. जगन मोहन रेड्डी ने भी घटना पर दुख जताया और सरकार से मृतकों के परिजनों को तत्काल सहायता देने की अपील की।












