रायगढ़ के बरलिया गांव में टावर पर युवक का शव मिला, प्रेम प्रसंग विवाद की आशंका

रायगढ़। चक्रधर नगर थाना क्षेत्र के शांत माने जाने वाले बरलिया गांव में शनिवार रात एक सनसनीखेज घटना ने सभी को स्तब्ध कर दिया। गांव के पास लगे मोबाइल टावर पर 24 वर्षीय प्रदीप गुप्ता का शव फंदे से लटका मिला। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद की भी जांच कर रही है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, रात करीब 8 बजे गांव में झूला मेला चल रहा था और आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग वहां मौजूद थे। इसी दौरान कुछ ग्रामीणों ने टावर पर लटके युवक को देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। चक्रधर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू की।
परिजनों का कहना है कि प्रदीप का पड़ोसी गांव की एक युवती से प्रेम संबंध था। रक्षाबंधन के दिन युवती का भाई दो अन्य लोगों के साथ मेला देखने आया था, जहां प्रदीप के साथ उनका विवाद हो गया। परिजनों का आरोप है कि इस झगड़े से आहत होकर प्रदीप ने आत्महत्या कर ली।
मृतक के भाई ने बताया कि घटना से पहले प्रदीप ने किसी तरह की परेशानी या तनाव का ज़िक्र नहीं किया था। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और गवाहों के बयान के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ सकेगी।












