कवर्धा पुलिस ने करोड़ों की ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार

कवर्धा। जिले की पुलिस ने निवेश के नाम पर लोगों को करोड़ों रुपये का चूना लगाने वाले शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस गिरोह के तीन आरोपियों – धर्मेश धुर्वे (35), यतीन्द्र धुर्वे (29) और नारायण प्रसाद धुर्वे (56), सभी निवासी वार्ड क्रमांक 11, मठपारा, कवर्धा – को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
कैसे खुला मामला
30 अक्टूबर 2024 को कवर्धा निवासी शिव सोनी ने थाना कवर्धा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि DYPDHURWE BROTHERS CONSULTANTS PVT. LTD. / निवेश किंग नामक कंपनी के संचालकों ने 10% प्रतिमाह लाभ और एक वर्ष बाद मूलधन वापसी का लालच देकर करोड़ों रुपये की ठगी की। इस पर थाना कवर्धा में अपराध क्रमांक 672/2024 धारा 420, 34 भादवि के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस की सख्त कार्रवाई
शिकायत के बाद पुलिस ने कई जिलों में लगातार दबिश दी और दस्तावेजों की गहन जांच की। आखिरकार 19 अगस्त 2025 को तीनों आरोपियों को दबोच लिया गया। उनके पास से ठगी की रकम से खरीदी गई संपत्तियों और लग्जरी वाहनों के दस्तावेज बरामद हुए।
अब तक की जांच में बड़ा खुलासा
- कबीरधाम जिले में 1 करोड़ 39 लाख की ठगी
- बिलासपुर व अन्य जिलों को मिलाकर 50 करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी
- ठगी की रकम से खरीदी गई संपत्तियाँ:
- बिलासपुर में 57 लाख की जमीन
- कवर्धा में 1.10 करोड़ की भूमि
- टाटा हैरियर और अर्टिगा जैसी लग्जरी गाड़ियाँ
पुलिस का सख्त संदेश
एसपी धर्मेंद्र सिंह (आईपीएस) ने कहा – “छत्तीसगढ़ की धरती आर्थिक अपराधियों के लिए सुरक्षित नहीं है। निवेशकों को लूटने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।”
आगे की कार्रवाई
आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमाण्ड की कार्रवाई की जा रही है। इस सफलता के पीछे थाना कोतवाली प्रभारी लालजी सिन्हा, थाना पांडातराई प्रभारी कमलाकांत शुक्ला, साइबर प्रभारी मनीष मिश्रा और पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों व जवानों की अहम भूमिका रही।












