कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान में दर्दनाक हादसा, एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत

जगदलपुर। कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पर दरभा के पास मंगलवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। बाढ़ के पानी में एक कार बह जाने से तमिलनाडु से आए परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनके दो मासूम बच्चे शामिल हैं।
जानकारी के मुताबिक, स्विफ्ट डिजायर कार में सवार परिवार बस्तर घूमने आया था। रास्ते में अचानक तेज बहाव में वाहन फंस गया और देखते ही देखते पानी में बह गया। हालांकि कार का चालक तैरकर किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहा, लेकिन परिवार के अन्य सदस्य बाहर नहीं निकल पाए।
एडिशनल एसपी महेश्वर नाग ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि SDRF की टीम ने कई घंटों की मशक्कत के बाद कार से चारों शवों को बाहर निकाला। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए जगदलपुर मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।












