कृषि विज्ञान केन्द्र रायगढ़ में बलराम जयंती एवं किसान दिवस पर प्राकृतिक खेती पर जोर

रायगढ़। शुक्रवार को कृषि विज्ञान केन्द्र रायगढ़ में भगवान बलराम जयंती एवं किसान दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में किसान, छात्र-छात्राएँ और कृषि विशेषज्ञ शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान बलराम की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन से हुई। मुख्य अतिथि दीपिका मालाकार ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि प्राकृतिक खेती से उत्पादन लागत कम होती है और मिट्टी की उर्वरता भी लंबे समय तक बनी रहती है। उन्होंने किसानों से टिकाऊ खेती अपनाने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि घनश्याम पटेल ने किसानों को राष्ट्र की रीढ़ बताते हुए कहा कि आधुनिक तकनीकों को अपनाकर किसान अपनी उत्पादकता बढ़ा सकते हैं। वहीं गौरांग साव ने किसानों से जैविक और प्राकृतिक खेती की ओर बढ़ने की अपील की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केन्द्र रायगढ़ के अधिष्ठाता डॉ. ए.के. सिंह ने कहा कि प्राकृतिक पद्धतियों और आधुनिक तकनीकों का समन्वय किसानों को बेहतर उत्पादन और बाजार की मांग के अनुरूप खेती की दिशा में मदद करेगा।
सहायक संचालक उद्यानिकी जे.एस. तोमर ने किसानों को उद्यानिकी फसलों जैसे फल, सब्जी और फूलों की खेती के लाभ बताए। उन्होंने कहा कि उद्यानिकी खेती न केवल किसानों की आय बढ़ाने में सहायक है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन का भी सशक्त माध्यम है।












