रायगढ़ : 50 हजार की रिश्वत लेते आबकारी उप-निरीक्षक रंगे हाथ गिरफ्तार

रायगढ़। जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आबकारी विभाग के एक उप-निरीक्षक को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा है। यह मामला धरमजयगढ़ विधानसभा क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार, धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंडरी महुआ निवासी सुनीत टोप्पो ने एंटी करप्शन ब्यूरो बिलासपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। सुनीत ने बताया कि 19 अगस्त को धरमजयगढ़ क्षेत्र के आबकारी उप-निरीक्षक संतोष कुमार नारंग उसके घर पहुंचा था। उस समय वह अपनी मां के साथ घर पर मौजूद था।
सुनीत के अनुसार, उप-निरीक्षक नारंग ने उन पर शराब बनाने का आरोप लगाया और घर का सामान चेक किया। इसी दौरान उसकी मां से कुछ कागजों पर हस्ताक्षर भी करवाए। इसके बाद बड़ी कार्रवाई का भय दिखाकर मामले से बचने के लिए 50 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की।
प्रार्थी सुनीत टोप्पो रिश्वत नहीं देना चाहता था, बल्कि आरोपी उप-निरीक्षक को रंगे हाथ पकड़वाना चाहता था। इस पर उसने एंटी करप्शन ब्यूरो से संपर्क किया। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए आज सुनियोजित तरीके से ट्रैप (Trap) की योजना बनाई गई।
ऑपरेशन के दौरान संतोष कुमार नारंग को सुनीत टोप्पो से 50 हजार रुपये रिश्वत लेते ही एसीबी की टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित अधिनियम 2018) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।












