रायगढ़ जिले में दो अलग-अलग हत्याएं, पुलिस जांच में जुटी

रायगढ़ जिले में 24 घंटे के भीतर दो हत्या की घटनाएं सामने आईं। पहली वारदात घरघोड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम कटरापाली की है, जहां 55 वर्षीय नाथुराम चौहान की लाश उनके घर की बाड़ी से बरामद हुई। मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे धरमजयगढ़ SDOP सिद्धांत तिवारी, डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम ने जांच शुरू की। मृतक के गले पर चोट के निशान पाए जाने से हत्या की आशंका गहराई है। पुलिस ने फिलहाल मामले की जांच हर पहलू से शुरू कर दी है।
दूसरी घटना लैलूंगा थाना क्षेत्र के ग्राम मोहनपुर की है। यहां रविवार देर रात पुरानी रंजिश को लेकर गाड़ाराम राठिया (48) और मधुसूदन राठिया के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर मधुसूदन ने डंडे से गाड़ाराम के सिर पर वार कर दिया। गंभीर हालत में गाड़ाराम को परिजन लैलूंगा सिविल अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने परिजन की शिकायत पर आरोपी मधुसूदन राठिया के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
दोनों ही घटनाओं को लेकर पुलिस जांच में जुटी हुई है। SDOP सिद्धांत तिवारी ने बताया कि कटरापाली मामले में हत्या की आशंका है और सभी बिंदुओं पर बारीकी से जांच की जा रही है।












