रायगढ़ में सड़क हादसा : गणेश विसर्जन से लौटते समय ट्रैक्टर से गिरे किशोर की मौत

रायगढ़ । जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गणेश विसर्जन से लौट रहे एक 14 वर्षीय बच्चे की ट्रैक्टर-ट्रॉली से गिरकर मौत हो गई।
गणेश विसर्जन से लौटते वक्त हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, महाराजगंज निवासी विशु कुमार प्रजापति (14), पिता जयसिंह प्रजापति अपने नानी के घर कोदवारी पारा आया हुआ था। रविवार दोपहर वह गणेश विसर्जन में शामिल हुआ और गांव के अन्य बच्चों व बुजुर्गों के साथ पंकज राठिया के ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार हो गया। विसर्जन कार्यक्रम के बाद सभी लोग घर लौट रहे थे। देर शाम जब ट्रॉली कोदवारी पारा हनुमान मंदिर के पास पहुंची, तभी चालक पंकज राठिया ने ट्रैक्टर को तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाना शुरू कर दिया। इसी दौरान विशु कुमार संतुलन खो बैठा और ट्रॉली से नीचे गिर गया।
अस्पताल में तोड़ा दम
गिरने से उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। परिजन और ग्रामीण तुरंत उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया।
चालक के खिलाफ मामला दर्ज
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक पंकज राठिया के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।












