रायगढ़ रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की परेशानी बढ़ी : नॉन-इंटर लॉकिंग के कारण ट्रेनें रद्द, पानी की व्यवस्था ठप

रायगढ़ । नगर के रेलवे स्टेशन में इन दिनों नॉन-इंटर लॉकिंग का काम चल रहा है। इसके चलते कई ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है, जिसकी वजह से यात्री प्लेटफॉर्म पर घंटों तक इंतजार करने को मजबूर हैं। वहीं, बारिश नहीं होने से गर्मी भी तेज पड़ रही है, लेकिन स्टेशन प्रबंधन की लापरवाही से यात्रियों की प्यास बुझाने के लिए पीने के पानी की सुविधा उपलब्ध नहीं है।
प्लेटफॉर्म पर बंद पड़े नल
रायगढ़ स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 2 और 3 पर यात्रियों के लिए लगाए गए सभी नल बंद पड़े हैं। ऐसे में यात्री पीने के पानी के लिए परेशान हो रहे हैं। स्थिति यह है कि लोग अपनी बोतलें भरने तक के लिए स्टेशन से बाहर जाने को मजबूर हैं।
तितलागठ पैसेंजर से बढ़ी दिक्कतें
रायगढ़ से बिलासपुर की ओर जाने वाली तितलागठ पैसेंजर आखिरी ट्रेन मानी जाती है। सोमवार की रात यह ट्रेन शाम 7 बजे कोटरलिया पहुंच गई थी। इसके बाद महज 8 किलोमीटर दूर रायगढ़ तक पहुंचने में उसे करीब 2 घंटे लग गए। अंततः यह ट्रेन रात 8.48 बजे रायगढ़ स्टेशन पहुंची।
मालगाड़ियों को दी गई प्राथमिकता
ट्रेन के देरी से पहुंचने की बड़ी वजह मालगाड़ियों को दी गई प्राथमिकता रही। बताया जा रहा है कि इस दौरान अप और डाउन दोनों दिशाओं से आधा दर्जन से अधिक मालगाड़ियां निकाली गईं, जबकि यात्री ट्रेन को घंटों रोके रखा गया। इससे यात्रियों को भारी असुविधा झेलनी पड़ी।












