शारदीय नवरात्र में निःशुल्क डोंगरगढ़ दर्शन यात्रा 22 सितंबर से

रायपुर। जगत जननी मां दुर्गा के पावन पर्व शारदीय नवरात्र का शुभारंभ सोमवार, 22 सितंबर से हो रहा है। इस अवसर पर मां काली सेवा समिति द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित की जाने वाली निःशुल्क डोंगरगढ़ दर्शन यात्रा का शुभारंभ भी 22 सितंबर से किया जाएगा।
समिति अध्यक्ष दीपक भारद्वाज (पोल्ले) ने जानकारी दी कि इस यात्रा में शामिल होने के लिए पूर्व पंजीयन अनिवार्य है। पंजीयन 17 से 20 सितंबर तक समिति के इंदिरा चौक, श्यामनगर स्थित कार्यालय में किया जाएगा। इसके लिए सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तथा शाम 4 से 6 बजे तक संपर्क किया जा सकता है। सीटों का आवंटन ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर किया जाएगा, वहीं वरिष्ठ नागरिकों को प्राथमिकता दी जाएगी।
इस वर्ष भी समिति की ओर से 4 बसों के माध्यम से यह यात्रा कराई जाएगी। प्रतिदिन सुबह 9.30 बजे बसें प्रस्थान स्थल से रवाना होंगी और निर्धारित समय पर डोंगरगढ़ से दर्शन उपरांत वापस रायपुर लौटेंगी। 22 से 26 सितंबर तक पांच दिनों तक चलने वाली इस यात्रा में प्रतिदिन लगभग 240 श्रद्धालु शामिल हो सकेंगे।












