थाना कोतरारोड़ में संयुक्त बैठक एवं सम्मान समारोह आयोजित

रायगढ़ । पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग कुमार पटेल के दिशा-निर्देशन पर थाना कोतरारोड़ में शुक्रवार को वार्ड पार्षदों, ग्राम सरपंचों और कोटवारों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उप पुलिस अधीक्षक श्री सुशांतो बनर्जी ने की।
बैठक में उप पुलिस अधीक्षक श्री बनर्जी ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों से क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार के झगड़े, विवाद या दुर्घटना की स्थिति में तत्काल पुलिस की मदद ली जानी चाहिए। उन्होंने ग्रामीण स्तर पर पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय को समय की आवश्यकता बताया और सभी से इसमें सहयोग करने की अपील की।
बैठक के साथ ही थाना प्रभारी कोतरारोड़ निरीक्षक मोहन भारद्वाज के मार्गदर्शन में एक प्रेरणादायी सम्मान समारोह भी आयोजित किया गया। इस अवसर पर सामाजिक सहभागिता और उत्कृष्ट कार्यों के लिए विभिन्न वर्गों के लोगों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
ग्राम उसरौठ की व्याख्याता अकिष्टा कुजूर, आदर्श ग्राम्य भारती विद्यालय किरोड़ीमलनगर के व्यायाम शिक्षक कर्ण सिदार, स्कूल के छात्र अभिषेक सिंह और अरमान खान, जिन्होंने हैंडबॉल में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया, उन्हें विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
इसके अलावा, पुलिस मित्र मोनू अली, जिनकी सूचना पर हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी संभव हुई, जिंदल के सीसीटीवी ऑपरेटर बृजभान सिंह, जिनकी तकनीकी मदद से कई मामलों का खुलासा हुआ, को भी सम्मान प्रदान किया गया। वहीं शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोगी रहे वार्ड क्रमांक-9 किरोड़ीमलनगर के पार्षद श्री चंद्रा, ग्राम बरमूडा के सरपंच श्री विष्णु पटेल और ग्राम तारापुर के कोटवार को भी प्रशस्ति पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया।






