रायगढ़ में हाथियों का आतंक : 32 किसानों की फसल बर्बाद, एक मकान की दीवार ढही

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। हर रोज हाथियों का दल गांवों की ओर रुख कर रहा है और खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचा रहा है। इस बार हाथियों के उत्पात से 32 किसानों की फसल चौपट हो गई और एक मकान की दीवार भी ढह गई। मामला धरमजयगढ़ वन मंडल का है।
अलग-अलग रेंज में फसलों को पहुंचाया नुकसान
शुक्रवार (12 सितंबर) रात हाथियों का दल जंगल से निकलकर गांवों की ओर बढ़ा।
- लैलूंगा वन परिक्षेत्र के सागरपाली गांव में 6 किसानों की धान की फसल को रौंद दिया गया। इस दौरान एक ग्रामीण हाथी के पैर के नीचे आने से बाल-बाल बच गया।
- बाकरूमा रेंज के रैरूमा गांव में 5 किसानों की टमाटर और धान की फसल चौपट हो गई, साथ ही हाथियों ने एक मकान की दीवार को भी ढहा दिया।
- छाल रेंज के लोटान गांव में 1 और पुरूंगा में 3 किसानों की फसल बर्बाद हुई।
- बोरो रेंज के चाल्हा में 1 और घोंचल में 5 किसानों की फसलें रौंदी गईं।
- धरमजयगढ़ क्षेत्र के आमापाली में 1 और मेढरमार में 6 किसानों की फसल को नुकसान पहुंचाया गया।
इसी तरह रायगढ़ वन मंडल के घरघोड़ा रेंज के डेहरीडीह गांव में 48 हाथियों का दल पहुंचा और यहां 4 किसानों की फसलें बर्बाद कर छाल रेंज की ओर निकल गया।
सड़क पर उतरा 34 हाथियों का दल
शनिवार (13 सितंबर) रात करीब 8 बजे लैलूंगा रेंज के झगरपुर में अचानक 34 हाथियों का दल सड़क पर आ गया। सूचना मिलते ही SDO, वन विभाग की टीम और हाथी मित्र दल मौके पर पहुंचे। दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही रोक दी गई, ताकि हाथियों का दल सुरक्षित तरीके से सड़क पार कर सके। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद हाथियों ने सड़क पार की और जंगल की ओर निकल गए।












