एनटीपीसी रेल लाइन पर मिली युवक की लाश – ढाई माह बाद भी आरोपी फरार, परिजनों ने की जांच की मांग

रायगढ़, 18 सितम्बर 2025। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में ढाई महीने पहले हुई हत्या का मामला अब भी अनसुलझा है। एनटीपीसी रेल लाइन के पास एक युवक की लाश मिलने के बाद पुलिस ने केस तो दर्ज किया, लेकिन अब तक आरोपी गिरफ्त से बाहर हैं। इससे नाराज़ मृतक के परिजनों ने रायगढ़ पुलिस अधीक्षक को आवेदन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मृतक की पहचान शिवनारायण सारथी के रूप में
आवेदन देने वाले मृतक के पिता जगदीश सारथी ने बताया कि उनका बेटा शिवनारायण सारथी (30 वर्ष), निवासी बरलिया, एनटीपीसी लारा में पेट्रोलिंग मैन के पद पर कार्यरत था। 30 जून को वह ड्यूटी के लिए घर से निकला था। इसी दिन साथ काम करने वाले केतन यादव ने फोन कर सूचना दी कि शिवनारायण की हत्या हो गई है।
घटनास्थल से मिली लाश, शव पर चोट के निशान
सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे तो देखा कि शिवनारायण का शव रेल लाइन के पास पड़ा हुआ था। घटना की जानकारी मिलने पर तमनार पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम कराया। जांच में पाया गया कि मृतक के सिर, पीठ और गले पर गहरे चोट के निशान थे। शव कसडोल गांव के पास राटरोट रेलवे ट्रैक किनारे नाली में मिला था।
परिजनों का आरोप – कार्रवाई नहीं कर रही पुलिस
मृतक के पिता ने आरोप लगाया कि तमनार पुलिस ने हत्या का केस दर्ज करने के बाद भी अब तक किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया और न ही उनकी तलाश में कोई ठोस कार्रवाई की है। परिजनों का कहना है कि जांच में लापरवाही बरती जा रही है।
पुलिस का आश्वासन
फिलहाल इस पूरे मामले में पुलिस ने पीड़ित परिवार को जांच जारी रखने और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का आश्वासन दिया है।












