“वोट अधिकार यात्रा को लेकर सियासी संग्राम तेज, कांग्रेस नेता मेदनी प्रकाश नेगी का भाजपा पर तीखा हमला”

रायगढ़ । छत्तीसगढ़ की राजनीति में एक बार फिर गर्मी आ गई है। रायगढ़ में कांग्रेस की वोट अधिकार यात्रा को मिल रहे जन समर्थन पर भाजपा की प्रतिक्रिया को लेकर कांग्रेस ने हमला बोला है। पूर्व खरसिया विधायक प्रतिनिधि एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता मेदनी प्रकाश नेगी ने भाजपा नेताओं पर तीखी प्रतिक्रिया दी है।
नेगी ने कहा कि “भाजपा के नेताओं को इस यात्रा में उमड़ रहे अपार जन समर्थन से घबराहट हो रही है।” उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेता जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं और वोट अधिकार यात्रा के प्रतीक चिन्ह को लेकर जानबूझकर भ्रामक जानकारी फैला रहे हैं।
मेदनी नेगी ने कहा, “भाजपा को न तो झंडे का सम्मान करना आता है और न ही संविधान की जानकारी है। जो लोग पहले तिरंगा झंडा नहीं फहराते थे, वो आज नियम-कायदे की बात कर रहे हैं।” उन्होंने स्पष्ट किया कि यात्रा के प्रतीक चिन्ह में अशोक चक्र को लेकर जो भ्रम फैलाया जा रहा है वह पूरी तरह गलत है। “अशोक चक्र में 24 तीलियाँ होती हैं और उसका रंग नैवी ब्लू होता है। मगर यात्रा के चिन्ह में न तो नैवी ब्लू रंग है और न ही यह तिरंगे का अपमान है,” उन्होंने बताया।
उन्होंने यह भी कहा कि चक्र में एक उंगली का चिन्ह दिखाया गया है, जो मताधिकार का प्रतीक है और लोकतंत्र की भावना को दर्शाता है। “भाजपा नेता सिर्फ जनता को भटकाने का काम कर रहे हैं, जबकि सच्चाई ये है कि पूरे देश में लोग ‘वोट चोर गद्दी छोड़ो’ के नारे लगा रहे हैं।”
नेगी ने एक और गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जब लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अपनी प्रेस कांफ्रेंस की, तो कई जगहों पर जानबूझकर बिजली कटवा दी गई, ताकि लोग उनकी बात न सुन सकें और वोट चोरी से जुड़ी सच्चाई सामने न आ सके।












