छत्तीसगढ़ को रेलवे विकास की ऐतिहासिक सौगात, 7,470 करोड़ का बजट प्रावधान, CM साय ने जताया आभार

रेलवे बजट में रिकॉर्ड बढ़ोतरी, 24 गुना उछाल
रायपुर। छत्तीसगढ़ में रेलवे अधोसंरचना के अभूतपूर्व विस्तार के लिए केंद्र सरकार ने 7,470 करोड़ रुपये का ऐतिहासिक बजट प्रावधान किया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इसे राज्य के लिए मील का पत्थर बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह डबल इंजन सरकार के सतत प्रयासों का प्रत्यक्ष परिणाम है।
2009–14 की तुलना में ऐतिहासिक छलांग
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि वर्ष 2009 से 2014 के बीच जहां छत्तीसगढ़ को रेलवे के लिए औसतन मात्र 311 करोड़ रुपये प्रतिवर्ष मिलते थे, वहीं 2026–27 में यह राशि बढ़कर 7,470 करोड़ रुपये पहुंच गई है, जो लगभग 24 गुना की रिकॉर्ड वृद्धि है। यह आंकड़ा स्वयं छत्तीसगढ़ में रेलवे विकास की दिशा और गति को दर्शाता है।
51,080 करोड़ के रेल प्रोजेक्ट्स पर काम जारी
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि वर्तमान में छत्तीसगढ़ में कुल 51,080 करोड़ रुपये के रेल प्रोजेक्ट्स प्रगति पर हैं। इनमें नए रेल ट्रैक का निर्माण, रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास, यात्री सुविधाओं का विस्तार और रेल सुरक्षा से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।
बस्तर को रेल नेटवर्क से जोड़ने की ऐतिहासिक पहल
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सुदूर वनांचल बस्तर को मुख्यधारा से जोड़ने वाला रावघाट–जगदलपुर रेल प्रोजेक्ट केंद्र सरकार की ओर से जनजातीय समाज के लिए एक अमूल्य उपहार है। यह परियोजना बस्तर क्षेत्र में आवागमन, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को नई दिशा देगी।
फ्रेट कॉरिडोर और परमलकसा–खरसिया कॉरिडोर को मंजूरी
मुख्यमंत्री ने बताया कि परमलकसा–खरसिया कॉरिडोर के साथ-साथ नए फ्रेट कॉरिडोर को भी स्वीकृति दी गई है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से छत्तीसगढ़ में माल ढुलाई की क्षमता में भारी वृद्धि होगी और यात्री ट्रेनों की संख्या आने वाले समय में लगभग दोगुनी हो जाएगी।
32 रेलवे स्टेशन अमृत स्टेशन योजना में शामिल
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि अमृत स्टेशन योजना के तहत राज्य के 32 रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। इनमें डोंगरगढ़, अंबिकापुर, भानुप्रतापपुर, भिलाई और उरकुरा जैसे प्रमुख स्टेशन शामिल हैं, जिनमें से कई का कार्य पूर्ण हो चुका है।
वंदे भारत और अमृत भारत एक्सप्रेस से यात्रियों को राहत
राज्य में वर्तमान में वंदे भारत एक्सप्रेस की दो जोड़ी और अमृत भारत एक्सप्रेस की एक जोड़ी सेवाएं संचालित हो रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन आधुनिक ट्रेनों से यात्रियों को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिल रहा है।
100% विद्युतीकरण और ‘कवच’ से बढ़ी सुरक्षा
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि वर्ष 2014 के बाद से छत्तीसगढ़ में लगभग 1,200 किलोमीटर नए रेल ट्रैक का निर्माण, 100 प्रतिशत रेल विद्युतीकरण, 170 फ्लाईओवर व अंडरपास तथा ‘कवच’ जैसी आधुनिक सुरक्षा प्रणालियों की स्थापना की गई है। इससे राज्य रेल सुरक्षा और सुविधा के मामले में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो रहा है।
रेल विकास से व्यापार, पर्यटन और रोजगार को गति
मुख्यमंत्री ने कहा कि रेलवे विकास केवल पटरियों तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे छत्तीसगढ़ के व्यापार, पर्यटन, उद्योग, रोजगार और आमजन के जीवन में नई ऊर्जा का संचार हो रहा है। उन्होंने छत्तीसगढ़ की जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को इन युगांतकारी पहलों के लिए धन्यवाद दिया।






