Uncategorised
धमतरी जिले में दर्दनाक सड़क हादसा, सेना का जवान सहित तीन युवकों की मौत

छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में शुक्रवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा कोरेगांव थाना क्षेत्र के कुकरेल–माकरदोना मोड़ के पास हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवार युवक तेज रफ्तार में आ रहे थे। मोड़ पर अचानक सामने से आ रहे ट्रक को देखकर बाइक अनियंत्रित हो गई और सीधे ट्रक से भिड़ गई। भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह चकनाचूर हो गई और तीनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
मृतकों में एक युवक भारतीय सेना का जवान बताया जा रहा है, जो छुट्टी पर अपने गांव बाजार कुर्रीडीह आया हुआ था। उसके साथ बाइक पर सवार दो अन्य युवक भी उसी गांव के निवासी थे।
घटना की सूचना मिलते ही कोरेगांव पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।












