रायगढ़ में दोहरा हत्याकांड : बुजुर्ग महिला और दामाद की हत्या, बेटी गंभीर रूप से घायल

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम रायकेरा में दशहरे की रात हुए दोहरे हत्याकांड ने पूरे इलाके को दहला दिया है। गुरुवार देर रात एक ही घर से 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला और उनके दामाद का शव बरामद हुआ, जबकि परिवार की एक महिला गंभीर रूप से घायल मिली जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मृतकों की पहचान सुकमेत सिदार (80 वर्ष) और उनके दामाद लक्ष्मण सिदार (60 वर्ष) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में दोनों की गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस का कहना है कि असली कारण का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा। घायल महिला, जो सुकमेत की बेटी बताई जा रही है, टिंगनी अस्पताल में डॉक्टरों की देखरेख में उपचाररत है।
सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। संदेह के आधार पर पुलिस ने मृतक लक्ष्मण सिदार के बेटे समेत एक पड़ोसी को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। फिलहाल किसी नतीजे पर नहीं पहुँचा गया है और अधिकारियों ने अभी कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
जानकारी के मुताबिक, लक्ष्मण सिदार शादी के बाद से ही अपने ससुराल में रह रहे थे। उनके परिवार में एक बेटा और दो बेटियां हैं। बताया जा रहा है कि हाल ही में सुकमेत सिदार को एनटीपीसी से जमीन अधिग्रहण का मुआवजा मिला था, और आशंका है कि इसी रकम के बंटवारे को लेकर विवाद ने हत्या का रूप ले लिया।












