सैलून व्यवसाय आरक्षण और अवैध स्पा सेंटरों पर कार्रवाई की मांग को लेकर सर्व नाई समाज ने सौंपा ज्ञापन

रायगढ़। सर्व नाई समाज के बैनर तले जिला सैलून संघ ने अपनी चार सूत्रीय मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। संघ ने सैलून व्यवसाय को सेन नाई समाज के लिए आरक्षित करने, अवैध स्पा सेंटरों पर सख्त कार्रवाई करने, सरकारी योजनाओं का लाभ समाज तक पहुंचाने और सेन महाराज जयंती पर राजकीय अवकाश घोषित करने की मांग उठाई है।
संघ ने ज्ञापन में कहा कि सेन नाई समाज के लोग परंपरागत रूप से सैलून व्यवसाय से जुड़े हैं, जो उनकी आजीविका का मुख्य साधन और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है। वर्तमान समय में इस व्यवसाय से जुड़ी कई समस्याएं सामने आ रही हैं। ऐसे में सैलून व्यवसाय को सेन नाई समाज के लिए आरक्षित किया जाना आवश्यक है ताकि उनकी परंपरागत जीविका सुरक्षित रह सके।
संघ ने यह भी कहा कि सैलून के नाम पर संचालित हो रहे अवैध स्पा सेंटर समाज की छवि को धूमिल कर रहे हैं। इन पर जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और ऐसे लोगों को आजीवन स्पा या सैलून संचालन से प्रतिबंधित करने का कानून बनाया जाए।
इसके साथ ही संघ ने यह भी कहा कि केश शिल्पी कल्याण बोर्ड से अब तक समाज को कोई ठोस लाभ नहीं मिला है। इसलिए शासन को विशेष पहल करते हुए योजनाओं का सीधा लाभ सेन नाई समाज तक पहुंचाना चाहिए। उन्होंने सैलून कार्य से संबंधित सरकारी नौकरियों और विज्ञापित पदों में समाज के लोगों को प्राथमिकता देने की भी मांग की।
अंत में संघ ने संत शिरोमणि सेन महाराज की जयंती पर राजकीय अवकाश घोषित करने की मांग रखते हुए कहा कि यह समाज की आस्था और सम्मान से जुड़ा विषय है।












