रायगढ़ में मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण की तैयारी शुरू — राजनीतिक दलों की बैठक में मिली प्रक्रिया की जानकारी

रायगढ़ । कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मयंक चतुर्वेदी के निर्देशन में कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिले के सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. प्रियंका वर्मा ने वर्ष 2026 के लिए निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के संदर्भ में पुनरीक्षण कार्य की प्रक्रिया 3 नवंबर तक मुद्रण एवं प्रशिक्षण कार्यों के साथ प्रारंभ होगी। इसके बाद 4 नवंबर से 4 दिसंबर तक घर-घर जाकर मतदाता सत्यापन किया जाएगा। 9 दिसंबर को मसौदा मतदाता सूची प्रकाशित होगी, जबकि 8 जनवरी 2026 तक दावा-आपत्तियाँ स्वीकार की जाएंगी। इसके उपरांत 31 जनवरी तक सुनवाई व सत्यापन की प्रक्रिया पूरी कर 7 फरवरी 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
डॉ. वर्मा ने बताया कि नवीन मतदान केंद्रों के गठन के बाद जिले में अब कुल 1153 मतदान केंद्र हो गए हैं। इनमें लैलूंगा में 293, रायगढ़ में 262, खरसिया में 299 और धरमजयगढ़ में 299 मतदान केंद्र शामिल हैं। सरिया तहसील में मतदान केंद्रों की संख्या बढ़कर 64 हो गई है।
जिले में कुल 8,65,715 पंजीकृत मतदाता हैं, जिनमें पुरुष 4,26,897, महिला 4,38,793 और तृतीय लिंग के 25 मतदाता शामिल हैं। विधानसभावार आंकड़ों के अनुसार —
लैलूंगा (15) : 2,09,961 मतदाता (पुरुष 1,03,644, महिला 1,06,315, तृतीय लिंग 2)
रायगढ़ (16) : 2,18,145 मतदाता (पुरुष 1,08,354, महिला 1,09,775, तृतीय लिंग 16)
खरसिया (18) : 2,20,029 मतदाता (पुरुष 1,09,278, महिला 1,10,747, तृतीय लिंग 4)
धरमजयगढ़ (19) : 2,17,580 मतदाता (पुरुष 1,05,621, महिला 1,11,956, तृतीय लिंग 3)
आयु वर्ग के अनुसार मतदाताओं की संख्या में 18-19 वर्ष के 25,753 युवा मतदाता, 20-29 वर्ष में 2,10,557, तथा 30-39 वर्ष आयु वर्ग में 2,61,183 मतदाता शामिल हैं। वरिष्ठ नागरिकों की भागीदारी भी उल्लेखनीय है — 80 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में 6,850 मतदाता, जबकि 100 वर्ष से अधिक उम्र के 23 मतदाता जिले में पंजीकृत हैं।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता सत्यापन कार्य के लिए प्रत्येक केंद्र पर बीएलओ और सुपरवाइजर की तैनाती की गई है। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण हेतु हर मतदाता से एन्यूमरेशन फार्म भरवाया जाएगा।
जनसुविधा के लिए कॉल सेंटर (हेल्पलाइन नंबर 1950) सक्रिय किया गया है। इसके अलावा जिला और तहसील स्तर पर हेल्प डेस्क एवं आईटी डेस्क भी स्थापित किए गए हैं। जिला स्तर पर हेल्प डेस्क कक्ष क्रमांक 19 में संचालित होगा।
निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों की देखरेख में एनसीसी, एनएसएस, पंचायत सचिव, किसान मित्र, मितानिन एवं आजीविका दीदी जैसे वालंटियर्स भी मतदाता सूची सत्यापन में सहयोग करेंगे।
बैठक में पवन शर्मा, ललित यादव, गोपाल बापोड़िया, इंनोसेंट कुजूर, प्रिंकल दास, मनीष पांडेय एवं समय लाल यादव सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।












