बिजली दरों में कटौती और प्रीपेड स्मार्ट मीटर हटाने की मांग को लेकर आम आदमी पार्टी ने मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन

रायपुर । आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ ने राज्य में बढ़ती बिजली दरों और प्रीपेड स्मार्ट मीटर व्यवस्था को समाप्त करने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा है। पार्टी ने कहा है कि लगातार बढ़ रही बिजली दरों से आम उपभोक्ताओं, किसानों, मजदूरों और छोटे व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। इससे जीवन-यापन की लागत बढ़ने के साथ महंगाई का दबाव भी बढ़ता जा रहा है।

पार्टी ने यह भी कहा कि हाल ही में लगाए जा रहे प्रीपेड स्मार्ट मीटरों के कारण आम जनता को भारी परेशानी हो रही है। इन मीटरों में अग्रिम भुगतान की अनिवार्यता गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों पर अतिरिक्त भार डाल रही है। साथ ही जगह-जगह रीडिंग त्रुटियों एवं तकनीकी समस्याओं की शिकायतें भी सामने आ रही हैं।

पार्टी की प्रमुख मांगें
1. बिजली दरों में तत्काल कटौती की जाए।
2. प्रीपेड स्मार्ट मीटर व्यवस्था को तुरंत समाप्त कर पुराने मीटर पुनः स्थापित किए जाएँ।
3. गरीबों एवं किसानों के लिए 300 यूनिट तक निशुल्क बिजली योजना लागू की जाए।
4. बिजली विभाग की नीतियों में पारदर्शिता और उपभोक्ता शिकायतों के त्वरित समाधान हेतु प्रभावी व्यवस्था बनाई जाए।













