छाल रोड पर डीज़ल चोरी की बड़ी वारदात, 350 लीटर से अधिक ईंधन ले उड़े चोर

रायगढ़। जिले के छाल थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात डीज़ल चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई है। छाल–हाटी रोड स्थित बेहराम गांव के पास खड़े ट्रकों और डंपरों को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों ने करीब 350 लीटर से अधिक डीज़ल चोरी कर लिया और फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार रात में कुछ भारी वाहन उसी स्थान पर खड़े थे, जिनमें से एक डंपर तकनीकी खराबी के कारण रुका हुआ था। वाहन चालकों ने रात का खाना खाकर वहीं आराम के लिए रुकने का फैसला किया था।
करीब रात डेढ़ बजे एक स्कॉर्पियो में सवार डीज़ल चोर मौके पर पहुंचे और अंधेरे का फायदा उठाकर गाड़ियों से डीज़ल निकालने लगे। शोर सुनकर कुछ ड्राइवरों की नींद खुली, हालांकि चोरों के पास हथियार होने के कारण वे बाहर नहीं आ सके। चोर वहाँ से भाग भी गए, लेकिन कुछ देर बाद फिर लौटे और 3–4 वाहनों से बड़ी मात्रा में डीज़ल चोरी कर ले गए।
मध्य प्रदेश के उमरिया निवासी डंपर ड्राइवर दीपक बल ने बताया कि वह रायगढ़ की ओर आते हुए छाल–हाटी रोड पर गाड़ी खराब होने पर रुक गया था। रात में आवाज आने पर जब उसकी नींद खुली, तो उसने चोरों को टंकी से डीज़ल निकालते देखा। डर की वजह से वह बाहर नहीं निकला और तुरंत डायल 112 पर कॉल भी किया, लेकिन कोई सहायता नहीं पहुंच सकी।
स्थानीय लोगों के अनुसार इस क्षेत्र में लंबे समय से डीज़ल चोर सक्रिय हैं और अक्सर रात 1 बजे के बाद ऐसे गिरोह चोरी की घटनाओं को अंजाम देते हैं।












