रायगढ़ : अवैध धान भंडारण पर संयुक्त टीम की बड़ी कार्रवाई, 65 बोरी धान जब्त

रायगढ़। जिले में धान खरीदी सीजन शुरू होते ही प्रशासन अवैध भंडारण और परिवहन पर सख्त नजर बनाए हुए है। इसी कड़ी में राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने छापा मारकर 65 बोरी अवैध धान जब्त किया है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम घरघोड़ी में अंगद यादव के घर पर बड़ी मात्रा में धान रखे जाने की सूचना प्रशासन को मिली थी। सूचना के आधार पर नायब तहसीलदार, सहायक खाद्य अधिकारी और मंडी निरीक्षक की टीम मौके पर पहुंची। जांच में 65 बोरी धान अवैध रूप से भंडारित पाया गया।
पूछताछ में अंगद यादव ने बताया कि यह धान मंडी लाइसेंसधारी व्यापारी उद्धव डनसेना द्वारा उसके घर रखवाया गया था, जिससे अवैध खरीद-फरोख्त की संभावना स्पष्ट हुई।
जांच टीम ने धान को कब्जे में लेकर मंडी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। प्रशासन ने कार्रवाई के माध्यम से साफ संदेश दिया है कि अवैध धान भंडारण और परिवहन करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।












