रायगढ़ : संविधान दिवस पर पुलिस कार्यालय में आयोजित हुआ शपथ समारोह

रायगढ़ पुलिस कार्यालय में आज 26 नवंबर 2025 को संविधान दिवस के उपलक्ष्य में एक गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आकाश मरकाम ने की। उन्होंने उपस्थित पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का वाचन कराते हुए राष्ट्र के प्रति निष्ठा, एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प दिलाया।
एएसपी मरकाम ने कहा कि भारतीय संविधान देश को संपूर्ण प्रभुत्व संपन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष, लोकतंत्रात्मक और गणराज्य बनाता है और इसके सिद्धांतों का पालन प्रत्येक नागरिक का सर्वोच्च कर्तव्य है। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को अपने कर्तव्यों में संवैधानिक आदर्शों को व्यवहार में उतारने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम में उप पुलिस अधीक्षक (साइबर सेल) श्री अनिल विश्वकर्मा सहित समस्त कार्यालयीन स्टाफ उपस्थित रहा। सभी ने एक स्वर में संविधान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इसी क्रम में जिले के सभी थानों में भी थाना प्रभारियों द्वारा अधीनस्थ स्टाफ को संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई गई।












