रायगढ़ : सुबह 4 बजे गांव में घुसे 20 हाथी, कच्चा मकान तोड़ा, धान की फसल रौंदी

रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ वन मंडल में शुक्रवार तड़के एक बार फिर हाथियों का आतंक देखने को मिला। सुबह लगभग 4 बजे कापू रेंज के मिरीमुड़ा बीट स्थित फिटिंगपारा गांव में 20 हाथियों का झुंड पहुंच गया। खाने की तलाश में आए इन हाथियों ने एक कच्चे मकान को नुकसान पहुंचा दिया। मकान में सो रहे रूचा यादव और उनके परिवार ने बड़ी मुश्किल से बाहर भागकर अपनी जान बचाई।
इसी दौरान हाथियों ने खेतों में जमा धान की फसल को भी बुरी तरह रौंद दिया। खम्हार गांव के पूर्व सरपंच चिंतामणि राठिया द्वारा मिसाई के लिए रखी गई धान की पूरी फसल झुंड ने बर्बाद कर दी। स्थानीय लोगों ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी, जिसके बाद वनकर्मी मौके पर पहुंचे और नुकसान का आंकलन शुरू किया।
वन विभाग के अनुसार, धरमजयगढ़ वन मंडल में इस समय कुल 31 हाथी मौजूद हैं। इनमें 17 नर, 9 मादा और 5 बच्चे शामिल हैं। कुछ हाथी अलग-अलग क्षेत्रों में अकेले घूम रहे हैं, जबकि 20 हाथियों का यह बड़ा झुंड कापू रेंज में सक्रिय है। भोजन की कमी के चलते हाथियों का गांव और खेतों की ओर बढ़ना लगातार चुनौती बनता जा रहा है।






