प्रदेश में मतदाता सूची संशोधन प्रक्रिया संपन्न, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने दी जानकारी

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत गणना प्रपत्र भरने का कार्य पूरा कर लिया गया है। इसके बाद अब प्रदेश की संशोधित मतदाता सूची का प्रकाशन 23 दिसंबर को किया जाएगा। यह जानकारी राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी यशवंत कुमार ने दी है।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि नई मतदाता सूची में यदि किसी व्यक्ति का नाम किसी कारणवश कट जाता है, तो वह घोषणा पत्र के साथ फॉर्म-छह भरकर अपना नाम दोबारा मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकता है। इसके लिए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन की जांच की जाएगी।
उन्होंने यह भी बताया कि 23 दिसंबर को जारी होने वाली मतदाता सूची सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही आम नागरिक भी निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना नाम देख सकते हैं। यदि मतदाता सूची में नाम, पता या अन्य विवरण में किसी प्रकार की त्रुटि पाई जाती है, तो उसे सुधारने के लिए आवेदन किया जा सकता है।












